राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से किए गए जमीन सौदे को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे पर सोमवार को हुई एक टीवी डिबेट में समजावादी पार्टी के प्रवक्ता ने भाजपा पर जबरदस्त निशाने साधे। सपा नेता ने आरोप लगाया कि भगवान राम आस्था का मुद्दा हैं, लेकिन भाजपा ने इसे राजनीति का मुद्दा बना दिया। हालांकि, इस पर भाजपा की ओर से डिबेट में आए संबित पात्रा ने सपा नेतृत्व को ही घेर लिया और मुलायम सिंह यादव सरकार के दौर में कारसेवकों पर कराई गई फायरिंग का जिक्र कर दिया।
क्या बोले सपा प्रवक्ता?: सपा प्रवक्ता ने राम जन्मभूमि जमीन सौदे पर भाजपा को घेरते हुए कहा- “आपके पेट में बाल नहीं है, पूरा जूड़ा है। अरे प्रभु राम राजनीति का विषय नहीं हैं, प्रभु राम आस्था का विषय हैं। प्रभु राम ने तो आपको दौड़ा दिया है अयोध्या से, बनारस से भी दौड़ा दिया है और गोरखपुर से भी दौड़ा दिया है। ज्यादा मत बोलो, अकेले भटक रहे हो। भगवान राम ने आपको खदेड़ दिया है। भगवान राम आस्था का विषय हैं, राजनीति का नहीं।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रभु राम के मंदिर के लिए लोगों ने जो दान दिया है, उस दान पर उंगली उठ रही है। आस्था में भ्रष्टाचार पर उंगली उठ रही है। उसकी जांच होनी चाहिए। आप इंक्वायरी कराने से रोक रहे हैं इस बात का चिंता है। सबकी जांच हम ही कर लें। सरकार का काम भी हम ही कर लें। तो हट जाइए आप सरकार से।”
क्या बोले भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा?: सपा प्रवक्ता के पेट में जूड़ा वाले बयान पर संबित पात्रा ने पहले तो हंसते हुए कहा, ‘क्या कह रहे आप टोंटी में जूड़ा रखा है? यह आप क्या कह रहे हैं?’ इसके बाद पात्रा ने कहा मुलायम सिंह यादव गोली चलवाए थे रामभक्तों पर। कह रहे थे कि 60 को मारा है अभी, 100 को मारना बाकी है। तब आस्था कहां चली गई थी। गोली चलाने वालों आस्था-आस्था कर रहे हो। जो कहते थे कि हम वहां किसी भी कीमत पर बाबरी मस्जिद बनाएंगे, आज आस्था-आस्था कर रहे हैं। अरे चिंता करो, गिरेबान में झांको।
संबित पात्रा ने इंक्वायरी के सवाल पर कहा, “आप सुप्रीम कोर्ट जाइए। इस मुद्दे पर। आप कपिल सिब्बल अंकल को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाइए। साथ में अभिषेक मनु सिंघवी जी को भी ले जाइएगा। सुप्रीम कोर्ट में कहते थे कि 2019 के बाद सुनवाई करिएगा। कोर्ट में कहते थे कि मामले की सुनवाई करिए मत। 16-16 वकील खड़े किए थे।”