ओडिशा में एक आदिवासी महिला के साथ अमानवीय और घिनौनी हरकत की गयी। महिला पर न सिर्फ हमला किया गया बल्कि उसके मुंह में मल डाल दिया गया। यह घटना ओडिशा के बोलांगीर जिले में हुई जहां एक 20 साल की आदिवासी महिला पर हमला किया गया और उसके मुंह में जबरन मानव मल डाल दिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि 16 नवंबर को बंगामुंडा थानाक्षेत्र के जूराबंधा गांव में यह घटना हुई। FIR के अनुसार, आरोपी गैर-आदिवासी व्यक्ति महिला के खेत से ट्रैक्टर ले जा रहा था जिससे फसल को नुकसान हो रहा था, जिस पर महिला ने उसका विरोध किया। इस पर, आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और उसके मुंह में जबरन मानव मल डाल दिया। खबरों के मुताबिक, महिला के चेहरे पर भी मल मला गया। गौरतलब है कि महिला और उसकी छोटी बहन अपनी आजीविका के लिए दो एकड़ कृषि भूमि पर निर्भर हैं।
विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद निरंजन बिसी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे आदिवासियों में गुस्सा है। बोलांगीर के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी फरार है, पुलिस उसे पकड़ने में जुटी हुई है।
महिला पर हमले के बाद क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, महिला पर 16 नवंबर को हुए इस हमले के बाद क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। आदिवासी समूहों ने जुराबांधा के ग्रामीणों के साथ मिलकर तुरंत न्याय और फरार आरोपी अभय बाग की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उस पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत दर्ज कराने के चार दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं
पीड़िता के रिश्तेदारों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस कार्रवाई में अनावश्यक देरी का आरोप लगाया है। उन्होंने अभय बाग के राजनीतिक संबंधों को जांच में बाधा डालने का दोषी ठहराया है। TOI से बातचीत के दौरान एक रिश्तेदार ने कहा, “शिकायत दर्ज किए चार दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।”
वहीं, बंगोमुंडा एसएचओ संजीब कुमार प्रधान ने कहा, “हमने एफआईआर दर्ज कर ली है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।”
(भाषा के इनपुट के साथ)