Odisha Train Accident: ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार (2 जून) शाम हुए ट्रेन हादसे में अब तक 238 यात्रियों की मौत हो चुकी है। जबकि 900 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने गहरा दुख जताया है। कोंकण रेलवे अधिकारी ने बताया कि ओडिशा के बालासोर में भयानक ट्रेन दुर्घटना के बाद गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का समारोह रद्द कर दिया गया है।

ओडिशा में आज राजकीय शोक

ओडिशा के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि बालेश्वर जिले के बहानागा में हुई रेल दुर्घटना के मद्देनजर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक दिन के राजकीय शोक का आदेश दिया है। पूरे राज्य में तीन जून को कोई उत्सव नहीं मनाया जाएगा।

10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान

बालासोर में हुए ट्रेन हादसे के बाद रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। जबकि गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी। हादसा कितना भयानक था इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पास की दूसरी ट्रेन की कई बोगियां भी पटरी से उतर गईं।

हादसे से जुड़े एक चश्मदीद ने बताया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर किस तरह के हालात थे। यात्री ने बताया, ‘मैं कोरोमंडल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। हम S5 बोगी में थे। जिस समय हादसा हुआ उस उस समय मैं सोया हुआ था। हमने देखा कि किसी का सिर, हाथ या पैर नहीं था। हमारी सीट के नीचे एक दो साल का बच्चा था जो पूरी तरह से सुरक्षित था। बाद में हमने उसके परिजनों को बचाया।’ TMC सांसद डोला सेन ने कहा, ‘मैंने ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना अपनी ज़िंदगी में कभी नहीं देखी। दोनों यात्री ट्रेनें पूर तरह से भरी हुईं थीं। दोनों ट्रेनों में मिलाकर 3000-4000 लोगों के होने की आशंका है।

नेपाल की पीएम ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेल हादसे पर दुख जताया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘ओडिशा में ट्रेन हादसे से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल व्यक्ति जल्द स्वस्थ हों। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया।दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।” वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने ओडिशा ट्रेन हादसे पर शोक व्यक्त किया है।