ओडिशा में धोखाधड़ी का एक अजीब मामला सामने आया है। एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया गया है जिसने IB ऑफिसर होने का नाटक कर 49 महिलाओं को शादी का झूठा वादा किया था। जबकि उसकी पहले से ही 5 शादी हो चुकी थी। जानकारी सामने आई है कि वह मेट्रोमोनियल साइट के जरिए महिलाओं से संपर्क करता था और उन्हें अपने चुंगल में फंसा लेता था। अब आरोपी सत्यजीत मानगोविंद पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने योजना बनाकर किया गिरफ्तार
पुलिस इस मामले की जांच पहले से ही कर रही थी और ऐसी महिलाओं की तलाश में थी जो उसके तौर-तरीके के बारे में बता सके। दो महिलाओं से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने उसे पकड़ने की योजना बनाई। महिलाओं ने बताया कि उसने उन्हें शादी का झांसा दिया और लाखों रुपये भी लूट लिए। जिसके बाद पुलिस ने ऑपरेशन ‘दूल्हे राजा’ चलाया गया।
क्या था ऑपरेशन दूल्हे राजा?
एक महिला पुलिस को दुल्हन के तौर पर साइट पर रजिस्टर कराया गया। जिसके बाद उसने सत्यजीत से संपर्क किया और दोनों में बातें हुई। महिला पुलिस ने उसे मिलने के लिए बुलाया और मौके पर ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। वह तलाकशुदा महिलाओं को ज़्यादा शिकार बनाता था। उन्हें शादी का झांसा देता था।
कई राज्यों की महिलाओं को बनाया शिकार
आरोपी सत्यजीत ने कई राज्यों की महिलाओं को शिकार बनाया था। वह महिलाओं के साथ संबंध बनाने के बाद दुबई भाग जाता था। उसने दिल्ली, ओडिशा, उत्तर प्रदेश,पश्चिम बंगाल, हरियाणा,पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों की महिलाओं को अपना टार्गेट बनाया था। अब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है,उसके ऊपर कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। उससे उस पैसे की भी वसूली होगी, जिसे उसने महिलाओं से ठगा था।