अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को बलिया में नूंह हिंसा को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने बुधवार को कहा कि जब भी चुनाव आता है वह षड्यंत्र कर दंगे कराती है। सपा महासचिव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बीजेपी के लोग सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। जब भी चुनाव आते हैं, वे षड्यंत्र कर दंगे कराते हैं।

लोकसभा 2024 को लेकर किया बड़ा दावा

इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भी बड़ा दावा कर दिया। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी यूपी में 80 सीटों में से कम से कम 50 लोकसभा सीटें जीतेगी। सपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बीएसपी के साथ गठबंधन किया था। इस चुनाव में बसपा को 10 और सपा को महज 5 सीटें नसीब हुईं थीं।

राजभर पर भी साधा निशाना

हाल ही में NDA में शामिल होने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए शिवपाल सिंह यादव कहा कि अब राजभर पर से उनके समुदाय का ही भरोसा खत्म हो गया है। वह किसी को भी कुछ भी बोल देते हैं। आप सबने सुना ही है कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बारे में उन्होंने क्या बोला था।

शिवपाल सिंह यादव ने बलिया में और क्या कहा, जानिए बड़ी बातें

  1. ज्ञानवापी मामले को लेकर उन्होंने कहा कि BJP के लोग अदालत, संविधान, लोकतंत्र को नही मानते, कोर्ट के फैसले का इंतजार कर नहीं सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP लोकतंत्र एवं संविधान विरोधी हैं और CM योगी का ज्ञानवापी पर बयान पूरी तरह से न्यायालय की अवमानना है।
  2. आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर पूछे जाने पर कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का जो भी फैसला होगा , वह उन्हें स्वीकार होगा।
  3. मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के SP में शामिल होने को लेकर पूछे जाने पर कहा कि अब्बास अंसारी अभी तक तो ओमप्रकाश राजभर के साथ थे। वह जब जेल से निकलेंगे तो बातचीत होगी। राष्ट्रीय नेतृत्व अगर बात करना चाहेगा तो सपा में शामिल करने पर बातचीत होगी।