बीजेपी ने तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की है, इन चुनावों में पार्टी ने अपने 21 सांसदों को भी मैदान में उतारा था, अब जिन सांसदों ने जीत हासिल कर अपनी सांसदी से इस्तीफा देकर विधायकी को बरकरार रखा है सूत्रों के मुताबिक उन्हें 30 दिनों के भीतर दिल्ली में अपने-अपने सरकारी बंगले खाली करने का नोटिस मिल चुका है। गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल सहित नौ लोकसभा सांसदों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। दो केंद्रीय मंत्रियों के अलावा इस्तीफा देने वाले अन्य लोकसभा सांसद मध्य प्रदेश से राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह और रीति पाठक हैं जबकि राजस्थान से दीया कुमारी, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, महंत बालकनाथ, किरोड़ी लाल मीणा हैं, वहीं छत्तीसगढ़ से गोमती साई और अरुण साव ने भी इस्तीफा दे दिया है।
बंगले खाली करने के आदेश
भाजपा नेता सीआर पाटिल नेतृत्व वाला पैनल इस तरह के मामलों को देखता है, जहां सांसदों के बंगलों से जुड़ी ज़िम्मेदारी भी उनके पास होती है। लोकसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने वालों में पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर भी शामिल हैं। मध्य प्रदेश से प्रह्लाद पटेल, रीति पाठक, राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह का नाम हैं। अब इन सभी नेताओं को दिल्ली स्थित बंगले को खाली करना होगा।
इसके अलावा प्रधान मंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन मुंडा को कृषि मंत्रालय और किसान कल्याण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया है जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर को MoS के रूप में जल शक्ति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री का प्रभार सौंपा गया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार को जनजातीय मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।