दिल्ली में 2.6 डिग्री सेल्सियस के साथ जाफरपुर सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि तीन अन्य केंद्रों पर तापमान तीन से चार डिग्री के बीच रहा। वहीं शून्य से 2.5 डिग्री नीचे के तापमान के साथ चुरू उत्तर के मैदानों में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

जबकि पंजाब के फरीदकोट में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान सहित आसपास के राज्यों में अगले तीन दिनों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।दिल्ली में रविवार सुबह तेज धूप खिली। इसके बावजूद सर्द बर्फीली हवा के झोंकों ने मौसम के मिजाज को सर्द बनाए रखा।

मौसम विभाग ने सोमवार को न्यूनतम तपमान तीन व अधिकतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में 18 जनवरी तक शीतलहर चलने और न्यूनतम तापमान लगभग तीन डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा के उत्तरी जिलों और उत्तर प्रदेश व अन्य कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। पंजाब, हरियाणा,पश्चिम उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा।पंजाब के फरीदकोट में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया। चुरू में तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान, उत्तर ,पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।

जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और हिमपात हुआ। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ हिमपात देखा गया। उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हुआ।