Noida Traffic Violation: देश की राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में नए ट्रैफिक नियम लागू होने के बाद से एक आंकड़े के मुताबिक, राजस्व संग्रह (वसूली) में 532 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। साल 2019 में नोएडा में हर दिन लगभग 2,000 लोगों पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाया गया और 14 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली की गई। ऐसे में 2018 की तुलना में राजस्व संग्रह में 532 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
22.56 प्रतिशत अधिक कटे चालान: नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि कुल मिलाकर 6,99,708 वाहन मालिकों को सड़क यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए पिछले साल जनवरी से दिसंबर से दिसंबर तक चालान जारी किए गए थे। 2019 में जारी किए गए चालान की संख्या 2018 की तुलना में 22.56 प्रतिशत अधिक थी, जब 5,70,908 वाहन मालिकों को उल्लंघन पर पेनॉल्टी लगाई गई थी।
Hindi News Today, 3 January 2020 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
क्या था पिछला आंकड़ा: 2016 में 1,47,143 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया था वहीं 2017 में 1,58,849 वाहनों का यातायात उल्लंघन के लिए चालान काटा गया था। 2019 में, उल्लंघनकर्ताओं से जुर्माने के तौर पर 14.76 करोड़ रुपए वसूले गए। ऐसे में राजस्व में 2018 के मुकाबले 532 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, क्योंकि पहले 2.77 करोड़ रुपए ही वसूले गए थे।
राजस्व में बढ़ोतरी: आंकड़ों के अनुसार, 2016 में चालान से राजस्व संग्रह 1.86 करोड़ रुपए था, जबकि 2017 में यह 2.77 करोड़ रुपए था। वहीं 2019 में इसमें भारी बढ़ोतरी हुई है। इसके पीछे नोएडा ट्रैफिक पुलिस द्वारा काटे गए चालान हैं।
न्यू ट्रैफिक रूल्स: बता दें कि जबसे नए ट्रैफिक नियम बने हैं, पुलिस सख्त है। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भारी भरकम चालान काटा जा रहा है। हालांकि अभी भी कई लोग नियमों को तोड़ने से बाज नहीं आ रहे हैं।