George Fernandes Death News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व रक्षा मंत्री, मशहूर समाजवादी और मजदूर नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोक प्रकट किया है। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन पर बिहार सरकार ने दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। नीतीश जॉर्ज को अपना मेंटर मानते रहे हैं। मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान उनको याद करते हुए नीतीश भावुक हो गए और सिसकने लगे। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नीतीश ने अपने शोक संदेश में कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस के रूप में देश ने बड़ी राजनीतिक शख्सियत के साथ ही प्रखर वक्ता, चिंतक, विचारक और करिश्माई व्यक्तित्व को खो दिया है। बता दें कि जॉर्ज फर्नांडिस श्रमिक संगठन के पूर्व नेता तथा पत्रकार थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जॉर्ज के नेतृत्व में समता पार्टी का गठन किया गया था। वह केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में रक्षा मंत्री, संचार मंत्री, उद्योग मंत्री, रेलमंत्री आदि के रूप में कार्य कर चुके थे। सीएम के मुताबिक, फर्नांडिस ने उच्च राजनीतिक मूल्यों और आदर्श की बदौलत सार्वजनिक जीवन में शिखर को प्राप्त किया। नीतीश ने कहा कि फर्नांडिस ने अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर और सम्मान हासिल किया। उन्होंने अपने जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा। उन्होंने हमेशा साम्प्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री ने फर्नांडिस के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुये कहा कि उनके निधन से उन्होंने अपना अभिभावक खो दिया है। फर्नांडिस के निधन पर बिहार सरकार ने दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है।

देखें जॉर्ज को याद करके कैसे सिसकने लगे नीतीश

हालांकि, नीतीश कुमार पर जॉर्ज की उपेक्षा करने और उनके राजनीतिक करियर का अंत करने का आरोप भी लगता रहा है। जॉर्ज की नजदीकी जया जेटली यह आरोप लगा चुकी हैं कि नीतीश ने जॉर्ज के बीमार रहने के दौरान कभी उनका हालचाल नहीं पूछा। बता दें कि जॉर्ज के निर्दलीय चुनाव लड़ने के फैसले के बाद उन्हें जनता दल यूनाइटेड से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। इस चुनाव में जॉर्ज को हार का सामना करना पड़ा और इसके साथ ही उनके राजनीतिक करियर का अंत माना जाता है।