नीतीश कटारा हत्याकांड में 25 साल जेल की सजा काट रहे दोषी विकास यादव चर्चा में है। विकास यादव ने 54 साल की उम्र में शादी की है। 5 सितंबर को विकास यादव की शादी थी। विकास 9 सितंबर तक पैरोल पर बाहर है। विकास यादव ने सुप्रीम कोर्ट में अंतरिम जमानत की अर्जी लगाई थी लेकिन खारिज कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत बढ़ाने से इनकार कर दिया। जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने विकास यादव के वकील से कहा कि वह मामले में अंतरिम जमानत बढ़ाने या नई जमानत देने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट जाएं।
विकास के वकील ने क्या कहा?
सुनवाई के दौरान वकील ने जोर देकर कहा कि उन्हें हाई कोर्ट भेजने के बजाय सुप्रीम कोर्ट खुद उनकी ज़मानत बढ़ाने की याचिका पर सुनवाई करे। जब पीठ ने याचिका खारिज करने का संकेत दिया, तो विकास यादव के वकील ने कहा कि वह हाई कोर्ट जाएंगे। इससे पहले पीठ ने विकास यादव की अंतरिम जमानत एक हफ़्ते के लिए बढ़ा दी थी।
सुप्रीम कोर्ट दिल्ली हाई कोर्ट के 22 अगस्त के उस आदेश के खिलाफ विकास यादव द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें 29 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गई उनकी अंतरिम जमानत बढ़ाने से इनकार कर दिया गया था। पिछले सोमवार जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह ने सुनवाई शुरू होते ही मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। हालांकि पीठ ने यादव की अंतरिम जमानत एक हफ़्ते के लिए बढ़ा दी थी।
आधार कार्ड को वैध पहचान पत्र माने ECI, बिहार SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश
23 साल से जेल में बंद विकास यादव
विकास यादव ने 23 साल से ज़्यादा जेल में बिताए हैं। उन्होंने इस आधार पर अंतरिम ज़मानत भी मांगी कि उनकी शादी 5 सितंबर को तय हुई थी और उन्हें 54 लाख रुपये का इंतज़ाम करना था, जो सजा सुनाए जाने के समय उन पर लगाया गया जुर्माना था। विकास यादव उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद डी.पी. यादव के बेटे हैं। विकास के चचेरे भाई विशाल यादव को भी बिजनेस एक्ज़ीक्यूटिव नीतीश कटारा के अपहरण और हत्या के लिए सजा मिली थी।
नीतीश कटारा का संबंध विकास की बहन भारती यादव के साथ था। दोनों अलग-अलग जातियों से थे, इसी कारण वह उनके खिलाफ था। एक अन्य दोषी सुखदेव पहलवान को बिना किसी छूट के 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। 29 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने उसे जेल से रिहा करने का आदेश दिया था। इस साल मार्च में उसने अपनी 20 साल की सज़ा पूरी कर ली थी।