दिल्ली में कोरोना से पीड़ित लोगों को ऑक्सीजन की किल्लत पर हाई कोर्ट की फटकार को लेकर राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप जारी है। ऑक्सीजन की समस्या के लिए दिल्ली सरकार केंद्र को जिम्मेदार ठहरा रही है तो वहीं केंद्र सरकार दिल्ली पर तोहमत डाल रही है।

न्यूज-18 इंडिया पर इस मुद्दे को लेकर एंकर ने आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता डीके गिरी से पूछा कि ऑक्सीजन के लिए कितनी बार आम आदमी पार्टी ने धरना दिया। इस पर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि हम तो कमजोर हैं। हमारे पास तो कोई अधिकार ही नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली आधी सरकार है। दिल्ली सरकार के पास कोई पॉवर नहीं है। केंद्र सरकार ने पॉवर छीन लिया। दिल्ली सरकार का मतलब उपराज्यपाल है। ऐसे में हम कुछ भी नहीं कर पा रहे हैं।

एंकर ने कहा कि आप लोग अपने लिए तो कई बार उपराज्यपाल के बंगले पर धरना दे चुके हैं, इसके लिए कितनी बार धरना दिए? उन्होंने कहा कि हम क्यों धरना दें। इस डिजास्टर के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। केंद्र सरकार को करना चाहिए। यह तो उनको करना चाहिए। हम तो कमजोर हैं। आप उल्टी गंगा बहा रही हैं। ना हुआ। कमजोर पर अटैक करते हैं।

सीएम केजरीवाल ने पीएम को हाथ जोड़कर गुजारिश की थी कि मदद करें। कहा कि हमारी मदद करें। लेकिन वे बंगाल चुनाव में व्यस्त थे। एक चीफ मिनिस्टर को हराने के लिए पूरी केंद्र सरकार बंगाल में बैठी थी। वे अब आए हैं। हम क्या कर सकते हैं।

मेरी मांग है कि लेफ्टिनेंट गवर्नर को डिस्मिस किया जाए। चुनाव आयोग पर मुकदमा चलाना चाहिए। इतने लोगों की जो मौत हुई है, उसके लिए चुनाव आयोग जिम्मेदार है। चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम इतना लंबा किया था।