रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तारीफ की है। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के एक सेमिनार में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने न सिर्फ कई सालों तक देश का नेतृत्व किया, बल्कि युद्ध के समय में भी देश को दिशा दी। उन्होंने इंदिरा गांधी की तुलना रानी लक्ष्मीबाई से की।
रक्षा मंत्री ने सशस्त्र बलों में महिलाओं की भूमिका पर एक एससीओ संगोष्ठी को संबोधित करते हुए रानी लक्ष्मीबाई और पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विकास में महिला शक्ति की भूमिका को लेकर देश का अनुभव काफी सकारात्मक रहा है।
रानी लक्ष्मीबाई से लेकर इंदिरा गांधी का जिक्र: रक्षा मंत्री ने कहा, राष्ट्र की रक्षा और लोगों के अधिकारों के लिए महिलाओं ने इतिहास में हथियार उठाए हैं, और उसके कई उदाहरण मिलते हैं। रानी लक्ष्मीबाई उनमें सबसे प्रमुख हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी न केवल सालों तक देश की अगुवाई की, बल्कि युद्ध के दौरान नेतृत्व किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ साल पहले देश की पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर थीं।
इंदिरा की अगुवाई में भारत ने जीता पाक से युद्ध: राजनाथ सिंह ने कहा कि, इंदिरा गांधी के पीएम रहते भारत ने 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध जीता और बांग्लादेश बना था। सिंह ने कहा कि महिलाएं पालक और रक्षक के तौर पर कई सदियों से बेहतर भूमिका निभाती आ रही है। उन्होंने कहा, ‘सरस्वती ज्ञान, बुद्धि और शिक्षा की देवी हैं तो मां दुर्गा रक्षा, शक्ति, विनाश और युद्ध की देवी हैं। भारत उन कुछ देशों में से एक है, जहां महिलाओं की सशस्त्र बलों में भागीदारी के लिए जल्द पहल की गई और महिलाओं की भर्ती स्थायी कमीशन के रूप में सेना में होने लगी है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि, 1992 में ही भारतीय सेना में महिला अधिकारियों की भर्ती शुरू हो गई थी। अब सेना की अधिकतर शाखाओं में महिला अधिकारियों की भर्ती की जाने लगी है।’