नेवी चीफ एडमिरल करमबीर सिंह शुक्रवार को आईएनएस बाज पहुंचे और पूरा एक दिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों संग बिताया। सिंह ने दीपावली के शुभ अवसर पर नौसेना कर्मियों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। अधिकारियों से बातचीत में एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा अंडमान निकोबार द्वीप राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं और समुद्री क्षेत्रों की निगरानी के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है।

उन्होंने बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में समुद्री सुरक्षा को सुनिश्चित करने और भारतीय नौसेना की समुद्री निगरानी क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए आईएनएस बाज की सराहना की। उन्होंने चिकित्सा आपात स्थिति में स्थानीय आबादी के लिए पर्याप्त सहायता प्रदान करने के लिए यहां तैनात नौसैनिकों की भूमिका की भी खूब तारीफ की।

बता दें कि आईएनएस सुदूर दक्षिण भाग में बीच समंदर बना भारतीय सशस्त्र बलों का एयर स्टेशन है। INS बाज अण्डमान और निकोबार द्वीपसमूह में ग्रेट निकोबार द्वीप के कैंपबेल खाड़ी में स्थित है। कैंपबेल अण्डमान और निकोबार का सबसे बड़ा द्वीप समूह भी है। यह द्वीप इंदिरा प्वाइंट का स्थान भी है और इंडोनेशिया के बांदा आचेह समुद्र से 250 किमी से भी कम की दूरी पर स्थित है।

उल्लेखनीय है कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रणनीतिक रूप से खासा महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये क्षेत्र में समुद्री क्षेत्रों की निगरानी करने के लिए एक महत्वपूर्व ताकत भारतीय नेवी को देता है।

इंडियन नेवी की वेबसाइट के मुताबिक इंडियन नेवल शिप (INS) बाज को जुलाई 2012 में चालू किया गया था। कैंपबेल बे जहां स्थित है वो भारत की मुख्य भूमि करीब 1,500 किमी दूर और पोर्ट ब्लेयर से 500 किलोमीटर दूर है। बता दें कि आईएनएस बाज पर पहले 3,500 फीट का रनवे बनाया गया मगर बाद में बड़े विमानों के संचालन के लिए भी इसे सक्षम बनाया गया। यह मलक्का जलडमरूमध्य के करीब भी है।