पूर्व विदेश मंत्री व बीजेपी की दिग्गज नेता सुषमा स्वराज का निधन मंगलवार (6 अगस्त) देर रात हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। जानकारी के मुताबिक, उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा था। आनन-फानन में उन्हें एम्स लाया गया, लेकिन भरसक कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। दोपहर 3 बजे सुषमा स्वराज को अंतिम विदाई दी जाएगी। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर बीजेपी मुख्यालय में भी रखा जाएगा। सुषमा स्वराज के निधन पर दिल्ली सरकार ने राज्य में 2 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान पीएम मोदी भी सुषमा स्वराज के आवास पर पहुंचे। उन्हें श्रद्धांजलि देते वक्त पीएम मोदी की आंखों से आंसू छलक आए। वहीं, रामगोपाल यादव, हेमा मालिनी और स्मृति ईरानी आदि नेता भी रोने लगे।

निधन से 3 घंटे पहले बताई थी अंतिम इच्छा: सुषमा स्वराज ने अपने निधन से करीब 3 घंटे पहले एक ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने की अंतिम इच्छा जाहिर की थी। साथ ही, इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद भी कहा था।

Live Blog

16:40 (IST)07 Aug 2019
प्रधानमंत्री मोदी समेत सैंकड़ों हस्तियों ने दी सुषमा को श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और वरिष्ठ पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी समेत सैंकड़ों जानी मानी हस्तियां पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए लोदी रोड स्थित श्मशान घाट पहुंचीं थी।

16:23 (IST)07 Aug 2019
सुषमा स्वराज का अंतिम संस्कार

दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लोधी श्मशान घाट में।

15:54 (IST)07 Aug 2019
पीएम मोदी समेत कई लोग मौजूद

दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोधी श्मशान मे भूटान के पूर्व पीएम टीशेरिंग तोबगे मौजूद।

15:26 (IST)07 Aug 2019
बीजेपी नेताओं ने दिया कंधा

राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल और अन्य भाजपा नेताओं ने सुषमा स्वराज के पार्थिव को कंधा दिया। उन्हें भाजपा मुख्यालय से दिल्ली के लोधी श्मशान ग्रह ले जाया जा रहा है।

14:05 (IST)07 Aug 2019
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बादल फटा शिमला

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बुधवार को बादल फटने से हुई मूसलाधार बारिश में एक कार बह गई। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

13:47 (IST)07 Aug 2019
वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने सुषमा स्वराज के बारे में कही यह बात

वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने कहा- "सुषमा स्वराज जी मेरे लिए एक बड़ी बहन जैसी थीं। रात 8:45 बजे मेरी उनसे बात हुई थी। उसने कहा 'आपको जाधव मामले के लिए एक रुपए की अपनी फीस लेनी होगी। ' सिर्फ 10 मिनट के बाद, उन्हें कार्डिएक अरेस्ट हो गया।"

08:46 (IST)07 Aug 2019
हेमा मालिनी ने सुषमा स्वराज को दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट से सांसद हेमा मालिनी बुधवार सुबह सुषमा स्वराज के आवास पर पहुंचीं। हेमा ने सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी।

08:42 (IST)07 Aug 2019
दोपहर 3 बजे होगा सुषमा स्वराज का अंतिम संस्कार

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर 3 बजे होगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को बीजेपी मुख्यालय में रखा जाएगा।

08:28 (IST)07 Aug 2019
सुषमा स्वराज के लिए नेपाल के पीएम ने कही यह बात

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा औली ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर उनके परिवार वर भारत के लोगों को यह सदमा सहने की हिम्मत दे।

08:17 (IST)07 Aug 2019
ममता बनर्जी ने व्यक्त किया दुख

टीएमसी प्रमुख व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुषमा स्वराज के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, ‘‘सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन से गहरा धक्का लगा। बहुत दुख हुआ। मैं सुषमा स्वराज को 1990 के दशक से जानती हूं। हमारे विचार भले ही अलग थे, लेकिन संसद में अपने कई बार अच्छा वक्त बिताया। वह बेहतरीन राजनेता और शानदार इंसान थीं। हम उन्हें हमेशा मिस करेंगे।’’