BJP New President Nitin Nabin: सत्तारूढ़ बीजेपी ने मंगलवार अपने संगठन महापर्व के मौके पर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आधिकारिक तौर पर नितिन नबीन के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी के कार्यालय में हुए समारोह में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। इस दौरान ही पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्ता हैं जबकि अध्यक्ष नितिन नबीन उनके बॉस हैं।

बीजेपी हेडक्वॉर्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “बीजेपी एक ऐसी पार्टी है, जहां लोगों को लगता होगा नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल से लगातार हेड ऑफ़ द गवर्नमेंट रहे हैं लेकिन असल में ये सब अलग बाते हैं।”

आज की बड़ी खबरें

‘मैं कार्यकर्ता, नितिन नबीन मेरे बॉस’

पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने पद को लेकर कहा, “ये सब अपनी जगह हैं लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे लिए ये है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं। यह सबसे बड़ा गर्व है और जब बात पार्टी के विषयों को आती है, तब माननीय नितिन नवीन जी मैं कार्यकर्ता हूं, वे मेरे बॉस है।”

‘मिलेनियल है नितिन नबीन, पार्टी की विरासत को देंगे विस्तार’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नितिन नबीन बीजेपी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आज के युवाओं की भाषा में कहें तो नितिन जी स्वयं एक तरह से मिलेनियल हैं। अगले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण हैं। यह वह दौर है जब एक विकसित भारत का निर्माण होना है और यह होना तय है। इस महत्वपूर्ण दौर की शुरुआत में, हमारे नितिन नबीन जी भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

यह भी पढ़ें: ‘उन राज्यों में कमल खिलाएंगे जहां अब तक सफलता नहीं मिली’

पीएम मोदी ने कहा कि वे (नितिन नबीन) उस पीढ़ी से हैं जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन देखे हैं। वे उस पीढ़ी से हैं जिसने अपने बचपन में रेडियो से सूचना प्राप्त की और अब एआई का सक्रिय उपयोगकर्ता है। नितिन जी में युवा ऊर्जा और संगठनात्मक कार्य का व्यापक अनुभव दोनों हैं। यह हमारी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए बहुत लाभकारी होगा।

पार्टी की सफलताओं का किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी और एनडीए सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता की सेवा हमारे लिए हमेशा सर्वोपरि रही है। हमने सत्ता को सुख का नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है इसलिए भाजपा पर जनता का विश्वास निरंतर मजबूत होता गया है। अगर बीते 11 वर्षों की ही बात करें तो भाजपा की यात्रा जनविश्वास अर्जित करने की अद्भुत यात्रा रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार अपने सामर्थ्य से सरकार बनाई। पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भाजपा जनता की एक बड़ी आवाज़ बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नितिन नबीन को केवल बीजेप ही नहीं बल्कि एनडीए के घटक दलों से भी समन्वय बनाना है। नितिन ने खुद को साबित किया है। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण हैं।

यह भी पढ़ें: कितने पढ़े लिखे हैं नितिन नबीन, संपत्ति और कहां-कहां किया है पैसा इन्वेस्ट

अटल,आडवाणी और जोशी को किया याद

पीएम मोदी ने पूर्व अध्यक्षों के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इस सदी में एम. वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी जैसे नेताओं के साथ-साथ हमारे कई वरिष्ठ सहयोगियों ने संगठन का विस्तार किया।

पीएम मोदी ने कहा कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। फिर अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने कई राज्यों में सरकारें बनाईं और केंद्र में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। इसके बाद जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक हर स्तर पर मजबूत हुई है। BJP अध्यक्ष बने नितिन नबीन के सामने कई चुनौतियां, बंगाल-असम चुनाव में होगा बड़ा टेस्ट, क्लिक करके पढ़ें पूरी खबरें