पाकिस्‍तानी गायक अदनान सामी को भारत सरकार ने 1 जनवरी, 2016 से भारतीय नागरिकता देने का फैसला किया है। उन्‍होंने मानवीय आधार पर इसके लिए अपील की थी। सामी ने 26 मई, 2015 को गृह मंत्रालय को अर्जी भेजी थी। इसमें उन्‍होंने मानवीय आधार पर भारत में रहने देने की इजाजत देने की अपील की थी।

लाहौर में जन्‍मे सामी पहली बार 13 मार्च, 2001 को विजिटर्स वीजा पर भारत आए थे। उन्‍हें एक साल का वीजा दिया गया था। इसके बाद समय-समय पर वीजा अवधि बढ़ाई गई थी। लेकिन 26 मई, 2015 को जब उनका पाकिस्‍तानी पासपोर्ट एक्‍सपायर कर गया तो वहां की सरकार ने इसे रिन्‍यू करने से मना कर दिया। तब उन्‍होंने भारत सरकार से गुहार लगाई।

सामी जब पहली बार भारत आए थे तो कुछ समय बाद ही उनका अलबम ‘कभी तो नजर मिलाओ’ और ‘लिफ्ट करा दे’ काफी मशहूर हुआ था। हाल में ‘बजरंगी भाईजान’ में गाया उनका गाना ‘भर दो झोली मेरी’ जबरदस्‍त हिट हुआ।