PM Modi Foreign Tours: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस का आधिकारिक दौरा कर भारत वापस लौटे हैं। पीएम मोदी पिछले 9 साल के कार्यकाल में अब तक 72 विदेशी दौरे पर चुके हैं। पीएम मोदी के विदेशी दौरे को लेकर विपक्ष शुरुआत से ही हमलावर रही है। विपक्ष पीएम मोदी पर देश में कम और विदेश में ज्यादा रहने का आरोप लगाता रहा है। विपक्ष का आरोप है कि प्रधानमंत्री के विदेशी दौरे पर जो मोटी रकम खर्च की जाती है वह गरीब नागरिकों द्वारा दिए गया टैक्स का पैसा है। आखिर पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल में किन देशों की यात्रा की और इन आधिकारिक यात्राओं पर कितना खर्च हुआ है, इस रिपोर्ट में जानते हैं।
बतौर पीएम नरेंद्र मोदी बीजेपी की और से सबसे अधिक समय तक इस पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री है। सरकारी आकड़ों के हिसाब से पीएम मोदी पिछले 9 साल के कार्यकाल में कुल 65 देशों का दौरा कर चुके हैं। इनमें 9 बार सबसे अधिक अमेरिका का दौरा शामिल है। वहीं पीएम मोदी यूएई में 7, जापान में 7, जर्मनी- फ्रांस में 6 और रूस-चीन-नेपाल में 5 बार दौरा किया है।
2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी ने पहला दौरा पड़ोसी देश भूटान का किया था। पीएम के भूटान दौरे पर तकरीबन 2.5 करोड़ सरकारी रुपया खर्च किया गया। पीएमओ की ओर से दी जानकारी के अनुसार 2014 में पीएम मोदी ने 7 विदेशी दौरे किए। इस दौरान उन्होंने 9 देशों की यात्राएं कीं। पीएम मोदी ने भूटान के बाद ब्राजील, नेपाल, जापान, अमेरिका, म्यांमार, ऑस्ट्रेलिया, फिजी और नेपाल देश का दौरा किया। 2014 में पीएम मोदी के विदेशी दौरे पर तकरीबन 77 करोड़ 91 लाख रुपये खर्च किए गए। बता दें कि पीएम की विदेश यात्रा के दौरान उड़ानों, विमानों के रखरखाव और हॉटलाइन सुविधाओं पर रुपया खर्च किया जाता है।
2015 में किया 28 देशों का दौरा
पीएम मोदी ने 2015 में सबसे ज्यादा विदेश यात्राएं की। पीएम मोदी ने 2015 में 12 आधिकारिक विदेशी दौरे किए। इन 12 दौरों में पीएम ने 28 देशों का भ्रमण किया। पीएम मोदी ने श्रीलंका, मॉरिशस और सेशेल्स देश का दौरा किया। इस दौरे पर करीब 15 करोड़ 85 लाख का खर्च आया। इसके बाद पीएम मोदी ने सिंगापुर, फ्रांस, जर्मनी, कनाडा, चीन, मंगोलिया, साउथ कोरिया, बांग्लादेश, उज़्बेकिस्तान, कजाखस्तान, रूस, तुर्कमेनिस्तान, किर्ग़िज़स्तान और ताजीकिस्तान, यूएई, आयरलैंड, अमेरिका, इंग्लैंड, टर्की, मलेशिया, सिंगापुर, फ्रांस, रूस, अफगानिस्तान और पाकिस्तान का दौरा किया। 2015 में पीएम के विदेश दौरे पर तकरीबन 1 अरब 33 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
2016 में किया 18 देशों का दौरा
पीएम मोदी ने 2016 में 8 आधिकारिक विदेशी दौरे किए। इन दौरान पीएम मोदी ने 18 देशों की यात्राएं कीं। पीएम मोदी ने अपने दौरे की शुरुआत बेल्जियम, अमेरिका और सऊदी अरब से की। उनकी इस यात्रा पर 15 करोड़ 85 लाख का खर्च आया। इसके बाद पीएम मोदी ने ईरान, अफगानिस्तान, क़तर, स्विट्ज़रलैंड, अमेरिका, मेक्सिको, उज़्बेकिस्तान, मोजांबिक, साउथ अफ्रीका, तंज़ानिया, केन्या, वियतनाम, चीन, लाओस और जापान का दौरा किया था।
2017 में किया जर्मनी, रूस और फ्रांस का दौरा
2017 में पीएम मोदी ने 7 विदेशी दौरे किए। इस दौरान कुल 14 देशों की यात्राएं कीं। इसकी शुरुआत श्रीलंका से की। इसके बाद पीएम मोदी ने जर्मनी, स्पेन, रूस, फ्रांस, कजाखिस्तान, पुर्तगाल, अमेरिका, नीदरलैंड, इजराइल, जर्मनी, चीन, म्यांमार और फिलीपींस का भी दौरा किया।
2018 में किया 23 देशों का दौरा
पीएम मोदी ने 2018 में 14 विदेशी दौरे किए। इसके कुल 23 देशों का भ्रमण किया गया। साल की शुरुआत स्विट्ज़रलैंड के दौरे से हुई। इसके बाद पीएम मोदी ने जॉर्डन, फिलिस्तीन, यूएई, ओमान, स्वीडन, यूके, जर्मनी, चीन, नेपाल, रूस, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, चीन, रवांडा, युगांडा, साउथ अफ्रीका, नेपाल, जापान, सिंगापुर, मालदीव और अर्जेंटीना देश का दौरा किया। सरकार की ओर से संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, जून 2014 से लेकर दिसंबर 2018 तक प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की विदेशी यात्राओं के दौरान चार्टर्ड उड़ानों, विमानों के रखरखाव और हॉटलाइन सुविधाओं पर 2,021 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च किया गया।
2019 में किया इन पड़ोसी देशों का दौरा
2019 के लोकसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी ने साउथ कोरिया का दौरा किया। इस यात्रा पर 9 करोड़ 48 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके बाद पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव में जीत के बाद पहला विदेशी दौरा हिंद महासागर में भारत की पकड़ मजूबत करने के इरादे से श्रीलंका और मालदीव का किया। इसके बाद पीएम मोदी ने किर्गिस्तान, जापान, भूटान, फ्रांस, यूएई, बहरीन, रूस, अमेरिका, सऊदी अरब, थाईलैंड और ब्राजील का दौरा किया।
2020 में नहीं किया विदेशी दौरा
कोरोना महामारी के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2020 में किसी भी देश का दौरा नहीं किया। बता दें कि साल के शुरुआत में ही कोरोना महामारी के कारण सभी देशों ने अपना बॉर्डर बंद कर लिया था। भारत में भी 2020 में अधिकांश समय तक लॉकडाउन ही रहा।
2021 में किया 4 देशों का दौरा
2021 में भी कोरोना महामारी का प्रकोप जारी था। कोरोना का नया वेरिएंट कई लोगों की जान ले रहा था। भारत में स्वदेशी कोरोना की वैक्सीन बना ली गई थी। इस साल प्रधानमंत्री ने तीन विदेशी दौरे किए जिनमें उन्होंने 4 देशों की यात्राएं की। पीएम मोदी सबसे पहले बांग्लादेश गए थे फिर उन्होंने अमेरिका, इटली और यूके का दौरा किया।
2022 में किए 7 विदेशी दौरा
2022 में कोरोना का प्रकोप काफी कम हो गया था। इस साल पीएम मोदी 7 विदेशी दौरे पर गए। इस दौरान पीएम मोदी ने 11 देशों का भ्रमण किया। पीएम मोदी ने 2022 में जर्मनी, डेनमार्क, फ्रांस, नेपाल, जापान, जर्मनी, यूएई, समरकंद, उज़्बेकिस्तान, जापान और इंडोनेशिया का दौरा किया।
साल 2023 में किया 11 देशों का दौरा
पीएम मोदी इस साल 4 विदेशी दौरे पर जा चुके हैं। इस दौरान कुल 11 देशों का दौरा किया है। पीएम मोदी ने जापान, पापुआ न्यू गिनी, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, इजिप्ट, फ्रांस, यूएई, साउथ अफ्रीका और ग्रीस देश का दौरा किया है।