दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने आज राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की। समझा जाता है कि उन्होंने राष्ट्रपति को कार्यकारी मुख्य सचिव शकुन्तला गैमलिन तथा अन्य नौकरशाहों की नियुक्ति पर चल रहे गतिरोध के बारे में बताया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज शाम मुखर्जी से मिलेंगे।

सूत्रों ने बताया कि जंग ने राष्ट्रपति को दिल्ली सरकार में अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति संबंधी मुद्दों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जंग दिल्ली सरकार में नौकरशाहों को लेकर प्राधिकार के मुद्दे पर कानूनी राय भी ले रहे हैं।

दिल्ली की कार्यकारी मुख्य सचिव के तौर पर गैमलिन की नियुक्ति को लेकर आप सरकार और जंग के बीच विवाद चरम पर है और केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि उप राज्यपाल प्रशासन पर नियंत्रण की कोशिश कर रहे हैं।

केजरीवाल के कड़े विरोध के बावजूद जंग ने शुक्रवार को इस पद पर गैमलिन की नियुक्ति कर दी। जंग और केजरीवाल के बीच विवाद में कई वरिष्ठ नौकरशाह फंस गए। आप सरकार ने कल अपने सभी अधिकारियों को आदेश दिया कि वे उप राज्यपाल से मिले किसी भी मौखिक या लिखित आदेश के बारे में मुख्यमंत्री, संबद्ध मंत्री या अपने कार्यालय को बताएं।

उप राज्यपाल ने भी यह कहते हुए अपना रुख कड़ा कर लिया कि वह वरिष्ठ नौकरशाहों के तबादले और नियुक्तियों के मामले में मुख्य प्राधिकारी हैं।