Muslim Population In 2023: देश में बढ़ती मुस्लिम आबादी को लेकर हमेशा से सवाल खड़े होते रहे हैं। कहा जाता रहा है कि देश में मुस्लिम जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है। इसी को लेकर लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बताया कि साल 2023 में मुसलमानों की आबादी देश में कितनी होगी।
लोकसभा में TMC सांसद माला राय के सवालों के लिखित जवाब में अल्पसंख्यक कल्याण मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, ‘2011 की जनगणना के अनुसार मुसलमानों की आबादी देश की कुल जनसंख्या का 14.2 प्रतिशत थी और 2023 में भी जनसंख्या में उनकी भागीदारी इसी अनुपात में रहने का अनुमान है। यानि, पिछले नौ सालों में मुसलमानों की आबादी और देश की आबादी के बढ़ने का प्रतिशत समान है।
2011 में 17.22 करोड़ थी मुस्लिम आबादी
केंद्रीय मंत्री ने लिखित जवाब में बताया, ‘2011 में मुस्लिम आबादी 17.22 करोड़ थी। जनसंख्या पर बने टेक्निकल ग्रुप ने 2023 में देश की आबादी 138.8 करोड़ रहने का अनुमान लगाया है। चूंकि, 2023 में मुस्लिम आबादी 2011 की जनसंख्या के अनुसार, 14.2 प्रतिशत ही रहने का अनुमान है, ऐसे में 2023 में मुसलमानों की संख्या 19.75 करोड़ होगी।’
TMC सांसद के एक अन्य सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बताया, सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के पीरियाडिक लेबर फोर्स सर्वे 2021-22 के अनुसार, सात साल और उससे अधिक उम्र के मुस्लिम युवकों में साक्षरता दर 77.7 प्रतिशत थी, जबकि लेबर फोर्स में उनकी हिस्सेदारी 35.1 प्रतिशत थी।
स्मृति ईरानी ने यह भी बताया कि 2020-21 के एक गवर्मेंट सर्वे के अनुसार, देश में 94.9 प्रतिशत मुसलमान ऐसे थे, जिनके पास पीने के पानी के बेहतर स्रोत थे और 97.2 के पास बेहतर शौचालय की सुविधा थी। 50.2 प्रतिशत मुस्लिम परिवार ऐसे रहे जिन्होंने 31 मार्च 2014 के बाद नया घर, फ्लैट खरीदे या फिर बनवाए।