कोल्हापुर जाने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस में सवार सभी 1,050 यात्रियों को शनिवार को बचा लिया गया। यात्रियों को बचाने के लिए एनडीआरएफ, नौसेना, वायुसेना और सेना समेत विभिन्न राहत एजेंसियों द्वारा लगभग 17 घंटे तक अभियान चलाया गया। भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर पानी भरने से यह ट्रेन ठाणे जिले में वंगानी के निकट फंस गई थी।

मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि नौ गर्भवती महिलाओं और एक माह की एक बच्ची समेत सभी यात्रियों को दोपहर तीन बजे तक बचा लिया गया। यह ट्रेन शुक्रवार की रात को मुंबई से पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर के लिए रवाना हुई थी लेकिन यह मुंबई से करीब 65 किलोमीटर दूर वंगानी से आगे नहीं जा सकी जहां यह शनिवार तड़के पहुंची थी। शुक्रवार से हो रही भारी बारिश के कारण ठाणे जिले के बदलापुर और वंगानी में बाढ़ जैसे हालात बन गए। उल्हास नदी ने बदलापुर में तटबंध तोड़ दिया जिसकी वजह से कई इलाकों में पानी भर गया।

Live Blog

10:02 (IST)28 Jul 2019
गृहमंत्री भी रखे हुए थे नजर

यात्रियों ने कहा कि मुश्किल वक्त में उन्होंने संयम से काम लिया। एक वक्त ट्रेन के अंदर की लाइट चली गई और शुरू में रेलवे से संपर्क भी नहीं हो सका। लोगों के मोबाइल फोन की बैटरी खत्म हो गई, मोबाइल नेटवर्क न मिलने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। केंद्र सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए थे। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहत दलों के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), नौसेना, वायुसेना, सेना, रेलवे और राज्य प्रशासन की टीमों ने सभी यात्रियों को बचा लिया। राहत दलों के उल्लेखनीय प्रयास को सलाम।’’

10:01 (IST)28 Jul 2019
ऐसे चला राहत कार्य

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि बदलापुर और वंगानी में एनडीआरएफ के दो-दो दल मुंबई और पुणे से भेजे गए और इनके साथ नौ नौकाएं भी थीं। इसमें कहा गया कि दल सुबह करीब नौ बजकर 40 मिनट पर मौके पर पहुंचा। नौसेना और वायुसेना को भी राहत अभियान में लगाया गया। नौसेना के विशेषज्ञ गोताखोर और वायुसेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों को भी सेवा में लगाया गया। सेना के दो कॉलम और 130 प्रशिक्षित र्किमयों को भी खाने के पैकेटों, पेयजल और राहत सामग्री के साथ भेजा गया था। कई यात्रियों को एनडीआरएफ की रबर की नौकाओं के जरिये बचाया गया जबकि अन्य को राहत कर्मियों ने कंधों पर लेकर सुरक्षित जगह पहुंचाया। कुछ लोग जलमग्न पटरियों पर चलकर खुद सुरक्षित स्थान तक पहुंचे।

12:17 (IST)27 Jul 2019
700 लोगों से भरी ट्रेन पानी में घिर गई

महाराष्ट्र में जबर्दस्त बारिश के बीच करीब 700 लोगों से भरी एक ट्रेन चारों तरफ से पानी से घिर गई है। पानी ट्रेन के फ्लोर तक जा पहुंचा है। फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए नौसेना और एनडीआरएफ दोनों जुटे हैं। महालक्ष्मी एक्सप्रेस नाम की यह ट्रेन मुंबई के पास बदलापुर और वांगणी स्टेशन के बीच फंसी है।

11:18 (IST)27 Jul 2019
मुंबई: बारिश की वजह से उड़ाने प्रभावित

बारिश की वजह से कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। 11 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 8-9 फ्लाइट्स के रूट डायवर्ट किए गए हैं। इसके अलावा बारिश की वजह से रेल सेवा भी प्रभावित हुई है। मुंबई के बदलापुर स्टेशन के ट्रैक पर पानी भर गया है, जिसके चलते कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

10:41 (IST)27 Jul 2019
मुंबई: भारी बारिश के चलते सायन में रोड नंबर 6 पर जल-जमाव

10:23 (IST)27 Jul 2019
महालक्ष्मी एक्सप्रेस रोकी गई

भारी बारिश के चलते महालक्ष्मी एक्सप्रेस को बदलापुर और वंगानी के बीच रोका गया है। ट्रेन में करीब दो हजार यात्री सवार हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई की मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ और सिटी पुलिस वहां पहुंची है। जानकारी के मुताबिक एनडीआरएफ की टीम भी जल्द वहां पहुंचने वाली है। वहीं महाराष्ट्र के DGIPR ब्रिजेश सिंह ने बताया, 'यात्रियों के बचाव के लिए तीन बोट भेजी गईं हैं।' वहीं मुंबई के मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि सूखाग्रस्त मराठावाड़ा क्षेत्र सहित नांदेड़, बीड और प्रभानी इस सीजन में अच्छी बारिश हो रही है।

09:23 (IST)27 Jul 2019
दिल्ली के मौसम का हाल भी जानिए

दिल्ली में पिछले कई घंटों से कई जगहों पर हुई बारिश की वजह से तापमान नीचे आ गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के लिए लाल रंग का अलर्ट जारी किया था।  यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री नीचे है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में एक जुलाई से 25 जुलाई तक 178.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो कि बीते तीस साल के औसत 166.5 मिलीमीटर से सात प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग ने शनिवार को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है।

08:28 (IST)27 Jul 2019
मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के तीन जिलों रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए ''ऑरेंज अलर्ट'' जारी करते हुए अगले 24 घंटों में मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

07:57 (IST)27 Jul 2019
मुंबई की बारिश बना रही रिकॉर्ड!

ट्विटर यूजर मधु ने कहा, ‘26 जुलाई को 14 साल पहले 2005 में मुंबई की सड़कें नदियों में तब्दील हो गई थीं और लोगों को घर पहुंचने के लिए कठिन यात्रा करनी पड़ी थी। इस दिन को लेकर आपकी क्या यादें हैं, क्या आप बारिश में फंसे हुए थे, आप सुरक्षित स्थानों पर कैसे पहुंचे थे? चलिए यहां साझा करते हैं।’’ एक अन्य यूजर अभिषेक श्रीवास्तव ने 2005 की बारिश पर ट्वीट किया, ‘‘मैं विद्याविहार से पवई तक पैदल गया था क्योंकि ट्रेन सेवा मातुंगा से विद्याविहार तक रुक गई थी। आठ घंटे का सफर पैदल तय किया। उसी दिन घर पहुंच गया था।’’ कुछ लोगों ने मुंबई के जज्बे को याद किया और बताया कि लोगों ने कैसे 2005 की बारिश से पार पाया और जरूरतमंदों की मदद की। लोगों ने फंसे हुए लोगों को शरण देने के लिए अपने घर के दरवाजे खोले जबकि अन्य ने बाहर निकल कर खाना एवं पानी उपलब्ध कराया।