Mumbai Rains, Weather Forecas: मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में बीते कई घंटों से लगातार मूसलाधार बारिश की वजह से हालात खराब हो गए हैं। इसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि अधिकारियों की चौकन्ना रहना होगा और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा। वहीं भारी बारिश के चलते जलभराव में मुंबई से कोल्हापुर के बीच चलने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस शनिवार सुबह दो बजे के करीब बदलापुर और बांगानी रेलवे स्टेशनों के बीच फंस गई।

ताजा अपडेट यह है कि कोल्हापुर जाने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस में सवार सभी 1,050 यात्रियों को शनिवार को बचा लिया गया। यात्रियों को बचाने के लिए विभिन्न राहत एजेंसियों द्वारा लगभग 17 घंटे तक अभियान चलाया गया। भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर पानी भरने से यह ट्रेन ठाणे जिले में वंगानी के निकट फंस गई थी।मध्य रेलवे (सीआर) के अधिकारियों ने बताया कि नौ गर्भवती महिलाओं समेत सभी यात्रियों को अपराह्र तीन बजे तक बचा लिया गया।केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहत दलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि केन्द्र स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), नौसेना, वायुसेना, सेना, रेलवे और राज्य प्रशासन की टीमों ने सभी यात्रियों को बचा लिया।’’ यह ट्रेन शुक्रवार की रात को मुंबई से कोल्हापुर के लिए रवाना हुई थी लेकिन यह वंगानी से आगे नहीं जा सकी जहां इसे शनिवार की तड़के पहुंचना था।

सीआर के मुख्य प्रवक्ता सुनील उदासी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि सभी 1,050 यात्रियों को मौके से बचा लिया गया है।
उदासी ने कहा, ‘‘महालक्ष्मी एक्सप्रेस के प्रभावित यात्रियों के साथ 19 डिब्बों वाली एक विशेष ट्रेन कल्याण से कोल्हापुर के लिए रवाना होगी।
राहत अभियान में शामिल अधिकारियों ने बताया कि नौ गर्भवती महिलाओं और एक महीने की एक बच्ची को भी सुरक्षित बचा लिया गया है।

 

Live Blog

Highlights

    21:43 (IST)27 Jul 2019
    400 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

    रायगढ़ के शेलू  में चॉल में रह रहे 400 लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया। बारिश के बाद आस पास के इलाकों में जल भरा हो गया था।


    20:14 (IST)27 Jul 2019
    रेस्क्यू किए गए यात्रियों को स्पेशल ट्रेन से रवाना किया गया

    महालक्ष्मी एक्सप्रेस के रेस्क्यू किए गए यात्रियों को स्पेशल ट्रेन  द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज  टर्मिनल से रवाना किया गया।

    19:12 (IST)27 Jul 2019
    हेलिकॉप्टर के जरिए किया गया एयरलिफ्ट

    Mi-17 हेलिकॉप्टर के जरिए 9 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। इन लोगों को ट्रेन से निकालकर मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

    18:51 (IST)27 Jul 2019
    7 फ्लाइट रद्द, 9 को डायवर्ट किया गया

    शनिवार सुबह छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एमआईएएल) के पब्लिक रिलेशन अधिकारी के मुताबिक, 7 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 9 को डायवर्ट किया गया। अन्य उड़ानों में औसतन 30 मिनट की देरी हो रही। वहीं, कल्याण से कर्जत की सभी ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया।

    18:07 (IST)27 Jul 2019
    उल्हासनगर में भी जलभराव

    भारी बारिश के चलते उल्हासनगर इलाके में पानी भर गया। इस इलाके में लोगों का आना जाना मुहाल हो गया है।

    17:40 (IST)27 Jul 2019
    भिवंडी में सड़कों पर भरा पानी

    भिवंडी में भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया है।

    17:05 (IST)27 Jul 2019
    बाढ़ में फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेन

    कल्याण से कोल्हापुर के लिए एक स्पेशल ट्रेन जाएगी जो महालक्ष्मी एक्सप्रेस के यात्रियों को गंतव्य तक स्टेशन तक पहुंचाएगी।

    15:46 (IST)27 Jul 2019
    थाणे और रत्नागिरी में बारिश के आसार

    महाराष्ट्र के थाणे और रत्नागिरी में  आज और कल भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने  चेतावनी जारी की है।

    15:15 (IST)27 Jul 2019
    मौसम विभाग ने चेताया
    15:05 (IST)27 Jul 2019
    कहां फंसी है महालक्ष्मी एक्सप्रेस

    महालक्ष्मी एक्सप्रेस आर्थिक राजधानी मुंबई से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर बदलापुर और वांगानी के बीच शनिवार रात करीब सुबह दो बजे फंस गई। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बचावकर्मियों ने अभी तक 500 से ज्यादा यात्रियों को ट्रेन से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

    14:23 (IST)27 Jul 2019
    बारिश के चलते अलर्ट

    मुंबई में शुक्रवार (26, जुलाई, 2019) से ही जारी भारी बारिश की वजह से शहर और आसपास के इलाकों में हालात खराब हो गए। जिसके चलते मौसम विभाग ने शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब यह है कि अधिकारियों को चौकन्ना रहना होगा और किसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार होना होगा।

    13:59 (IST)27 Jul 2019
    सुरक्षित स्थानों पर ले जाए गए यात्री

    सेंट्रल रेलवे के चीफ पीआरओ ने बताया कि ट्रेन से सुरक्षित निकाले गए यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है। बाद में इन यात्रियों को बदलापुर रेलवे स्टेशन ले जाया जाएगा।

    13:09 (IST)27 Jul 2019
    प्रदेश के सीएम बोले- नियंत्रण में है स्थिति

    बाढ़ में फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस की घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि घटनास्थल पर नेवी की 7 टीमें, एयर फोर्स के 2 हेलिकॉप्टर मौजूद हैं और स्थिति नियंत्रण में है।

    13:01 (IST)27 Jul 2019
    भोपाल के मौसम का हाल भी जानिए

    मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी कई जगह खूब बारिश हुई है। तस्वीरों के जरिए देखिए बारिश के पानी से भरी सड़कें।

    12:59 (IST)27 Jul 2019
    पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड तोड़ हुई बारिश

    बीते 24 घंटे में मुंबई के इलाकों में रिकॉर्ड बारिश हुई है। ठाणे में 160 मिमी बारिश हुई है, जबकि कल्याण में 231 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा, मुरबाद और करजात में क्रमश: 332 और 330 मिमी बारिश हुई है। उल्लहासनग, अंबरनाथ, भिवंडी और शाहपुर में भी जबर्दस्त बारिश हुई है।

    12:46 (IST)27 Jul 2019
    500 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

    महालक्ष्मी एक्सप्रेस पिछले करीब दस घंटे से बदलापुर और वांगानी के बीच फंस गई है। ताजा अपडेट के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक 500 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला है। जानकारी के मुताबिक अभी 200 यात्रियों को निकाला जाना बाकी है।