मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश की वजह से मुंबई शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई में पिछले तीन घंटों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग की तरफ से दोपहर में हाई टाइड का अनुमान भी जताया गया है।
IMD द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुंबई और आसपास के जिलों में- ठाणे, रायगढ़ और पुणे के घाट एरिया में अभी अगले तीन-चार घंटे तक बारिश का अनुमान है। देश की आर्थिक राजधानी में बारिश की वजह से मुंबई- अंधेरी सबवे ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। इसके अलावा टेम्बी ब्रिज, चेंबूर, घाटकोपर, सर्वे जंक्शन, एबीएस रोड कुर्ला, सायन सर्कल में जलभराव की खबरें आ रही हैं।
BEST ने डायवर्ट की बसें – एक अधिकारी ने कहा कि बेस्ट ने मुंबई में कम से कम 12 रूट्स पर बसें डायवर्ट कर दी हैं। इसके अलावा जलभराव की वजह से अंधेरी सबवे यातायात के लिए बंद होने से मोटर चालकों और पैदल यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।
रेलवे अधिकारियों ने दावा कि पश्चिमी, मध्य और हार्बर लाइन पर ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहीं, जबकि यात्रियों ने ट्रेन सेवाओं में 10 से 15 मिनट तक की देरी की शिकायत की है। एक अधिकारी ने बताया कि BMC के आंकड़ों के अनुसार, शहर में सुबह आठ बजे तक, पिछले 24 घंटों की अवधि के दौरान 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नगर निकाय के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान पूर्वी उपनगर में 29.90 और पश्चिमी उपनगर में 27.49 मिमी बारिश हुई।
नांदेड़ में बाढ़ जैसे हालात
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा होने के बाद बिलोली तहसील के 12 गांवों से करीब एक हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों और अन्य लोगों की मदद से गुरुवार शाम को बचाव अभियान चलाया गया था, जो देर रात तक जारी रहा।
उन्होंने कहा, ‘‘हरनाली, मचनूर, बिलोली, गोलेगांव, अराली, कसाराली, बेलकोनी, कुंडलवाड़ी और गंजगांव समेत 12 गांवों के लगभग एक हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। लगातार बारिश के कारण इन गांवों में पानी का स्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।