महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार में मंत्री असलम शेख और वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की है। बता दें कि इन दोनों को कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के स्वागत के लिए एक सार्वजनिक कार्यक्रम में तलवार लहराते देखा गया था। इस मामले में मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि यह कार्यक्रम 26 मार्च को बांद्रा में आयोजित हुआ था। इसको लेकर मुंबई पुलिस से भाजपा नेता मोहित कंबोज ने असलम शेख और वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। हालांकि असलम शेख ने दादर में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए अपनी सफाई में कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर हमने तलवार नहीं दिखाई है।
तलवारें लहराने के आरोप पर असलम शेख ने बताया कि बांद्रा में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें सिख समुदाय के लोगों ने भी हिस्सा लिया था। असलम शेख ने कहा कि हमें सिख समुदाय के लोगों ने ही ये तलवारें दी थीं।
बता दें कि असलम शेख की तलवारें लहराने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी देखी गई थीं। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने यह कदम उठाया है। इस मामले की जांच चल रही है और माना जा रहा है कि कांग्रेस नेताओं और पार्टी के कार्यकर्ताओं से पुलिस पूछताछ कर सकती है।
पीएम मोदी ने भी तलवार दिखाई है: अपने ऊपर लगे आरोपों पर असलम शेख ने भाजपा नेता मोहित कंबोज को याद दिलाते हुए कहा था कि इस तरह तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने कई कार्यक्रमों में तलवार दिखाई है।
कांग्रेस नेता असलम शेख मुंबई की मलाड सीट से विधायक हैं तो वहीं वर्षा गायकवाड़ कांग्रेस से धारावी सीट से विधायक हैं। वो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की राज्य सरकार में वर्षा गायकवाड़ स्कूल शिक्षा मंत्री हैं।