Mumbai Hit-and-Run: मुंबई में शिवसेना नेता के बेटे से जुड़े हिट एंड रन मामले को लेकर मचे बवाल के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। रविवार सुबह एक 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जब उसे महाराष्ट्र के पालघर से शिवसेना नेता के बेटे द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही बीएमडब्ल्यू कार ने टक्कर मार दी।
इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “मुंबई हिट एंड रन मामला बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सभी के साथ समान व्यवहार करते हैं। “जो भी होगा वह कानूनी होगा…”
जब सीएम से पूछा गया कि क्या मुंबई दुर्घटना में शामिल व्यक्ति शिवसेना नेता का बेटा था, तो उन्होंने कहा, “कानून सभी के लिए समान है और सरकार हर मामले को एक ही नजरिए से देखती है। इस दुर्घटना के लिए कोई अलग नियम नहीं होगा। सब कुछ कानून के अनुसार किया जाएगा।” शिंदे ने कहा कि उन्होंने पुलिस विभाग से सख्त कार्रवाई करने के लिए बात की है। सीएम ने कहा, “पुलिस किसी को नहीं बचाएगी।”
वहीं मुंबई के वर्ली इलाके में हिट एंड रन केस के आरोपी मिहिर शाह के पिता राजेश शाह और ड्राइवर राजर्षि बिदावत को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस मिहिर की गर्लफ्रेंड से पूछताछ कर रही है। हिट एंड रन केस में मिहिर को मुख्य और एकमात्र आरोपी बताया गया है। पुलिस की जांच में ये सामने आया है कि कार का बीमा नहीं था। बीमा की अवधि समाप्त हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, मिहिर शाह ही कार चला रहा था। मिहिर के बगल वाली सीट पर एक और शख्स बैठा था, जो उसका ड्राइवर बताया जा रहा था। हादसे के बाद मिहिर मौके से फरार है। आरोपी मिहिर के पिता राजेश शाह पालघर जिले में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के पदाधिकारी हैं।
हादसे के वक्त कार में 2 लोग सवार थेः DCP
DCP जोन 3 कृष्णकांत उपाध्याय ने कहा,’इस मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। हम जांच कर रहे हैं कि कार कौन चला रहा था। फिलहाल राजऋषि और राजेश शाह को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी शराब पीकर गाड़ी चला रहा था। हमें जानकारी मिली है कि हादसे के बाद आरोपी ने कालानगर में कार को लावारिस हालत में छोड़ दिया था। पुलिस ने BNS और मोटर वाहन अधिनियम की धाराएं जोड़ी गईं हैं।’
उद्धव गुट ने सरकार पर साधा निशाना
शिवसेना (UBT) के प्रवक्ता आनंद दुबे शिंदे सरकार पर निशाना साधा है। दुबे ने कहा कि मुंबई में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। अपराधियों में पुलिस प्रशासन औऱ सरकार का खौफ खत्म हो गया है, क्योंकि अपराधियों को पता है कि अगर हम पकड़े जाते हैं तो पुलिस स्टेशन में पिज्जा-बर्गर सर्व किया जाएगा। अगर उनकी ब्लड सैंपल रिपोर्ट में खामी आती है तो उसे भी बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग को लेकर एक गाइडलाइन जारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपी फरार है, उसे पुलिस ढूंढ रही होगी, लेकिन अपराधियों में कानून व्यवस्था को लेकर खौफ नहीं हैं।
बता दें, रविवार की सुबह करीब 5:30 बजे मुंबई के वर्ली में हिट एंड रन का मामला सामने आया था। वर्ली के कोलीवाड़ा में रहने वाले मछुआरा पति-पत्नी प्रदीप नखवा और कावेरी नखवा मछली लेने ससून डॉक गए थे। वहां से लौटते वक्त एक BMW कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन कावेरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि प्रदीप को गंभीर चोटें आई हैं।