Bihar, Mumbai, UP, Punjab, Haryana Rains, Weather Forecast Today News Updates: केरल: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राज्य के 9 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी। भारी बारिश से 22 लोगों की मौत हो गई है। जबकि राहत शिविर 22000 से अधिक लोग पहुंचे हैं। केरल में लगातार जारी भारी बारिश के कारण मलप्पुरम जिले के एदावन्ना में शुक्रवार को एक मकान ढह जाने से एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। देश के कई हिस्सों में तेज बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर हो चुकी है। महाराष्ट्र में करीब दो लाख लोग विस्थापित हुए हैं। केरल और तमिलनाडु में भी बाढ़ से हालत गंभीर बनी हुई है। गुरुवार को वर्षाजनित हादसों में 15 लोगों की मौत होने की खबरे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक केरल में अगले दो दिन में भीषण बारिश होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सांगली और कोल्हापुर में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए हवाई सर्वेक्षण किया। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने फडणवीस से बात की और बाढ़ से निपटने के लिए केंद्र से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

केरल के कई इलाकों में भारी बारिश से उत्तरी केरल बाढ़ की चपेट में हैं। यहां गुरुवार को विभिन्न हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने राज्य के चार जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। ये चार जिले भारी वर्षा और तेज हवाओं की चपेट में हैं। कर्नाटक में वर्षा जनित हादसों में नौ लोग मारे गए हैं जिनमें से छह लोग बेलगावी जिले से थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बचाव दलों ने कर्नाटक के उत्तरी तटों के प्रभावित जिलों तथा मलनाड से 43,858 लोगों को बचाया है। इस दल में अग्नि और आपातकालीन विभाग, राज्य आपदा मोचन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और सेना शामिल है।

Live Blog

17:25 (IST)09 Aug 2019
केरल में बारिश ने ली 22 की जान, सरकार ने सेना, वायुसेना से मदद मांगी

केरल के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश ने अब तक प्रदेश में 22 लोगों की जान ले ली है और 22,000 से अधिक लोगों को राहत केंद्रों में शरण लेनी पड़ी है।

15:52 (IST)09 Aug 2019
सांगली जिले में भारतीय नौसेना के 12 बचाव दलों को तैनात किया गया

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सांगली और निकटवर्ती कोल्हापुर से विमान के जरिए लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया खराब मौसम के कारण बाधित हो गई जिसके बाद राज्य परिवहन वाहनों के जरिए गुरूवार रात बचाव दल सांगली के लिए रवाना हुए।

15:39 (IST)09 Aug 2019
सेना का रेस्क्यू जारी

महाराष्ट्र: सेना की दस टीमों ने कोल्हापुर, सांगली और रायगढ़ क्षेत्रों में लोगों को बचाया।

15:33 (IST)09 Aug 2019
मप्र में उफनी नर्मदा, बांध के डूब क्षेत्र से 1,000 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाये गये

जोरदार मॉनसूनी बारिश का दौर जारी रहने के बीच मध्यप्रदेश के बड़वानी और धार जिलों में नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे सचेत प्रशासन ने दोनों पड़ोसी जिलों में सरदार सरोवर बांध के डूब क्षेत्र के निचले इलाकों को खाली कराते हुए पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

14:45 (IST)09 Aug 2019
वायनाड समेत 9 जिलों में रेड अलर्ट जारी

केरल: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राज्य के 9 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी।

14:39 (IST)09 Aug 2019
केंद्र कर्नाटक को हर तरह की सहायता मुहैया करायेगा : येदियुरप्पा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य में लगातार बारिश और बाढ़ की गंभीर समस्या के कारण उपजे हालात से निपटने के लिये हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

14:33 (IST)09 Aug 2019
एनडीआरएफ ने की लोगों की मदद

महाराष्ट्र: एनडीआरएफ टीम ने सांगली जिले के भीलवाडी शहर में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच बिस्किट और अन्य खाद्य सामग्री वितरित किया।



14:31 (IST)09 Aug 2019
भारी बारिश के बाद जलजमाव

मध्य प्रदेश: शाजापुर में मक्सी-गुना रेलवे अंडर-ब्रिज में जलजमाव हो गया है। बता दें कि इस क्षेत्र में भारी वर्षा हुई है।

14:12 (IST)09 Aug 2019
केरल में मृतक संख्या बढ़कर 22 हुई

केरल के विभिन्न हिस्सों में लगातार जारी भारी बारिश के कारण 22 लोगों की मौत हो गई और 22,000 से अधिक लोगों को राहत केंद्रों में स्थानांतरित किया गया है। नौ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है जिनमें वायनाड, मलप्पुरम, कन्नूर और इडुक्की सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं।

13:52 (IST)09 Aug 2019
बीजापुर में रेस्क्यू

छत्तीसगढ़: बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक में गुदरा नाले से कल 15 लोगों को बचाया गया था, जहां बारिश के कारण बाढ़ आने के बाद वे फंस गए थे।

12:00 (IST)09 Aug 2019
कर्नाटक में रेस्क्यू अभियान जारी

कर्नाटक बाढ़: भारतीय वायु सेना की टीमों ने बेलगावी में बाढ़ राहत अभियान चलाया। Roggi, Halolli, Udhagatti और Girdal इलाकों में फंसे कुल 25 नागरिकों को बचाया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में पीने के पानी के साथ लगभग 475 खाने के पैकेट फेंके गए।

11:55 (IST)09 Aug 2019
बारिश में बहा पुल

केरल: पट्टाम्बी पुल से आवागमन बंद। भरथप्पुझा नदी के ओवरफ्लो होने से पुल बह गया है।

11:51 (IST)09 Aug 2019
राहुल ने पीएम से बात की, केरल और वायनाड में बाढ़ पीड़ितों के लिए मांगी मदद

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल और अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में बाढ़ की स्थिति को लेकर शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी से बात की और उनसे सहायता मांगी।

11:03 (IST)09 Aug 2019
केरल में भारी बारिश से चार और लोगों की मौत, राहत शिविर पहुंचे 22000 से अधिक लोग

केरल में लगातार जारी भारी बारिश के कारण मलप्पुरम जिले के एदावन्ना में शुक्रवार को एक मकान ढह जाने से एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई।

10:53 (IST)09 Aug 2019
बाढ़ में फंसे लोग

महाराष्ट्र में बाढ़: क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कोल्हापुर के किनी गांव में 500 से अधिक यात्री फंसे।

10:03 (IST)09 Aug 2019
कर्नाटक में बारिश से उड़ान रद्द

कर्नाटक में बारिश के चलते मंगलुरु एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की छह उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

09:56 (IST)09 Aug 2019
महाराष्ट्र में बाढ़ का कहर

महाराष्ट्र के पांच पश्चिमी जिलों में दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इन जिलों में बारिश और बाढ़ संबंधी घटनाओं में अब तक 27 लोगों की मौत होने की खबर है।

09:11 (IST)09 Aug 2019
केरल बारिश: कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रविवार तक विमान परिचालन निलंबित

कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के रनवे में बाढ़ का पानी भर जाने के कारण यहां विमान परिचालन रविवार तक निलंबित रहेगा।

08:36 (IST)09 Aug 2019
कोच्चि हवाईअड्डे में बाढ़ का पानी घुसा

केरल के कोच्चि में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पार्किंग क्षेत्र में बाढ़ का पानी भरने के बाद उड़ानों का परिचालन शुक्रवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।