रिलांयस ग्रुप के प्रमुख मुकेश अंबानी अब खिलौना के क्षेत्र में भी अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने 261 साल पुराने यूके की मशहूर खिलौना कंपनी हेमलीज को डूबने से बचाने में मदद करने का फैसला लिया है। इसके तहत उन्होंने कंपनी की कमान अपने हाथ में लेते हुए  खिलौना बाजार के विस्तार करने की योजना बनायी है। योजना के तहत यूरोप, साउथ अफ्रीका और चाइना में हेमलीज के कई स्टोर्स खोल जाएंगे।

बताते चलें कि 261 साल पुरानी कंपनी हेमलीज को 2019 में अंबानी ने खरीद लिया था। हेमलीज की स्थापना 1760 में की गयी थी। यह विश्व की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी खिलौना शॉप रही है। हाल के दिनों में कंपनी लगातार नुकसान में जा रही है। रिलायंस ब्रांड के चीफ एग्जक्यूटिव अफसर दर्शन मेहता ने बताया कि हेमलीज को जीवनदान देने में रिलायंस अहम भूमिका अदा कर सकता है। भारत में इसके विकास की संभावना अधिक है।

दर्शन मेहता ने कहा कि हम खिलौना कंपनी नए रूप में लाने के प्रयास में हैं। हम इस बात पर विचार कर रहे हैं कि महामारी के इस दौर में नए सिरे से किस तरह के स्टोर्स खोले जाएं। भारत में 27 प्रतिशत बच्चे 14 साल से कम उम्र के हैं। ऐसे में खिलौना का व्यवसाय तेजी से आगे बढ़ सकता है।

लंदन में खोला गया था हेमलीज का पहला प्रमुख स्टोर: बताते चलें कि दुनिया की सबसे पुरानी खिलौने की कंपनी का पहला स्टोर 1881 में लंदन के रीजेंट स्ट्रीट में खोला गया था। सात मंजिल और 54 हजार वर्गफुट में फैले इस स्टोर में सलाना 50 लाख से भी अधिक ग्राहक आते थे।

मुकेश अंबानी हैं एशिया के सबसे अमीर: हाल ही में प्रतिष्ठित फोर्ब्स मैग्जीन की तरफ से जारी दुनिया के अरबपतियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने एक साल बाद एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति होने का खिताब अपने नाम कर लिया था। उन्होंने चीन के कारोबारी जैक मा को पछाड़ते हुए यह स्थान प्राप्त किया था।