मध्य प्रदेश में कांग्रेसी नेताओं की तकरार के बीच एक ऐसा बयान सामने आया है जो सुर्खियों में हैं। दरअसल राज्य के सागर जिले में एक कार्यक्रम में पहुंचे गृह मंत्री बाला बच्चन (Home Minister Bala Bachchan) से कई कांग्रेसी नेता मिलने आए थे। इस दौरान फोटो सेशन भी शुरू हो गया। इसी बीच पार्टी की महिला नेता अनीता मिश्रा भी पहुंचीं। मीडिया रिपोर्ट् के मुताबिक उन्हें देखकर बच्चन के साथ मौजूद कमल नाथ सरकार के एक और मंत्री हर्ष यादव भड़क गए।
भड़के मंत्री ने दिया यह बयानः रिपोर्ट के मुताबिक यादव ने मंत्री के साथ फोटो खिंचवाने आईं मिश्रा को फटकार लगा दी। इसके साथ ही उन्होंने कथित तौर पर बच्चन से कहा, ‘इसकी कोई बात मत सुनिए। यह भारतीय जनता पार्टी की एजेंट है। इसके साथ फोटो मत खिंचवाना।’ इसके बाद मिश्रा की तरफ से भी पलटवार किया गया। उन्होंने सफाई देते हुए दावा किया कि वो 35 सालों से कांग्रेस के लिए काम कर रही हैं।
Hindi News Today, 17 November 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
गुटबाजी से परेशान कांग्रेसः गौरतलब है कि राज्य में कांग्रेस की अंदरुनी गुटबाजी सबसे बड़ी समस्या बताई जाती है। विधानसभा चुनाव 2018 में बमुश्किल सरकार बनाने वाली कांग्रेस में पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर कमल नाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच खासी होड़ मची थी। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ भी सरकार में शामिल मंत्री मोर्चा खोल दिया था। सिंह पर कई गंभीर आरोप लगे थे।
इतना ही मुख्यमंत्री पद के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर भी रस्साकशी बरकरार है। राज्य में सरकार कई खेमों में बंटी है, जिसके चलते आपसी विवाद की घटनाएं कई बार उजागर हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री कमल नाथ को सिर्फ पार्टी के नेताओं नहीं, बल्कि सहयोगी दलों से भी जूझना पड़ रहा है। पिछले दिनों सरकार को समर्थन देने वाली पथरिया से बहुजन समाज पार्टी की राम बाई ने भी मंत्री पद और पसंद के बंगले की मांग पर जमकर विरोध किया था।
