मध्य प्रदेश में किसानों के हितों के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी का दौर जारी है। एक तरफ कांग्रेस ने जहां केंद्र सरकार पर किसानों से भेदभाव का आरोप लगाया वहीं भाजपा ने कमलनाथ सरकार के खिलाफ हर जिले में प्रदर्शन किया। इस बीच दोनों दलों के नेताओं के एक-दूसरे खिलाफ खूब भड़ास निकाली और तीखी प्रतिक्रियाएं भी दीं। एक न्यूज वेबसाइट में छपी खबर के मुताबिक मानसा से विधायक भाजपा अनिरुद्ध माधव मारू कांग्रेस के खिलाफ खूब निशाना साधा और कांग्रेसी नेताओं को जूते मारने का बयान तक दे डाला।
नीमच में सोमवार (4 नवंबर, 2019) को भाजपा किसान आक्रोश आंदोलन के दौरान अनिरुद्ध ने कहा, ‘किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। सरकार ने किसानों को ठगने का काम किया है। गांव-गांव में कांग्रेसियों को पकड़ों और बोलो कि वो पहले बैंकों का पैसा भरें। अगर वो ऐसा नहीं करते तो उन्हें जूते मारो। जब तक ऐसा नहीं करेंगे तब तक कोई सुधरने वाला नहीं है। सारे नेता खा-खा कर नींद ले रहे हैं।’
विधायक ने कांग्रेस नेता पर निशाने साधते हुए आगे कहा, ‘ये रोज खाते हैं, कभी खदानों में खाते हैं, कभी डोडा चूरा तो कभी अफीम में खाते हैं। पुलिस की वर्दी तक ढीली हो गई।’ सोशल मीडिया में नेताओं को जूता मारने वाला वीडियो जब वायरल हुआ तो विधायक ने अपना बचाव किया। उन्होंने कहा कि उनका मतलब यह नहीं कि जूते मारो, बल्कि किसानों से आक्रोश से संबंधित था। किसान परेशान है।
देखे वीडियो
प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने की बात कही थी। कहा गया कि बिजली का बिल आधा कर देंगे, मगर बिजली ही काट दी गई। किसानों का कर्ज भी आजतक माफ नहीं हुआ।

