Monsoon, Weather forecast Highlights: भारत के ज्यादातर राज्यों में मानसून दस्तक दे चुका है। IMD के अनुमान के मुताबिक ही आज (25 जून, गुरुवार) को दिल्ली-एनसीआर में आज मानसून का आगमन हुआ। दोपहर तक तेज धूप के बाद तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में काले बादल छा गए, जिसके बाद कई जगहों पर तेज बारिश हुई है। दिल्ली में मानसून मौसम विभाग के अनुमान से दो दिन पहले पहुंच गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आज यानी 25 जून को ही पूरे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा के पूर्वी हिस्सों और राजस्थान के पूर्वी-पश्चिमी हिस्सों से गुजरेगा। गौरतलब है कि इसके अलावा पंजाब के बड़े हिस्से में भी आज पूरी तरह मानसून का असर दिखने लगेगा।

इस बीच अगर आंकड़ों की मानें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में जून के 25 दिनों में ही औसत से 96 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। अगले दो दिनों में राज्य में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद 29 जून तक लगातार बारिश जारी रहेगी। इसके अलावा उत्तरी भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड समेत चंडीगढ़, और हरियाणा में आज बारिश होने की संभावना है।

मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काईमेट वेदर के मुताबिक, जिन 13 राज्यों में बारिश हो सकती है, उनमें तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हरियाणा और पंजाब शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व से पश्चिम के राज्यों की बात करें तो सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और लक्षद्वीप में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

Live Blog

17:06 (IST)25 Jun 2020
राजस्थान में चली धूल भरी आंधी


राजस्थान: चुरू में धूलभरी आंधी चलने से दिन में अंधेरा छा गया।

Image

16:29 (IST)25 Jun 2020
असम: बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात

असम के तीनसुकिया इलाके में भारी बारिश के बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।

16:25 (IST)25 Jun 2020
त्रिपुरा में भूकंप के झटके


त्रिपुरा से 63 किलोमीटर उत्तर पूर्व धर्मनगर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर यह 2.8 तीव्रता का मापा गया है। भूकंप गुरुवार को ​​15: 48 बजे आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने इस बात की जानकारी दी।

15:36 (IST)25 Jun 2020
दिल्ली के बाद अब हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में पहुंचने वाला है मानसून

दिल्ली में मानसून के दो दिन पहले पहुंचने के बाद अब हरियाणा और पंजाब में भी मानसून जल्दी पहुंचेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी मानसून राजस्थान की तरफ बढ़ गया है। इसके अलावा इससे पूरा यूपी और हिमाचल प्रदेश घिर चुका है। आज ही मानसून हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में फैल जाएगा।

15:04 (IST)25 Jun 2020
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात पैदा होने की वजह से जल्दी दिल्ली पहुंचा मानसून

दिल्ली में मानसून मौसम विभाग के अनुमान से दो दिन पहले ही पहुंच गया है। मौसम एक्सपर्ट्स का कहना है बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं के उठने की वजह से हुआ, जिन्होंने मानसून को 19-20 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से तेजी से आगे बढ़ाया। इसके अलावा पंजाब, दक्षिण हरियाणा और दक्षिण उत्तर प्रदेश में कई दिनों से ट्रफ रेखा बनी हुई थी, जिस वजह से मानसून दिल्ली तक तेजी से पहुंचा है।

14:22 (IST)25 Jun 2020
13 राज्यों में आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार

हिमाचल प्रदेश के शिमला में भी मानसून के आने के साथ लगातार बारिश जारी है। India Meteorological Department के पूर्वानुमान के मुताबिक, शहर में आज भी तेज बारिश होगी। दूसरी तरफ मानसून के लगातार आगे बढ़ने से अब उत्तर से लेकर दक्षिण तक 13 राज्यों में गुरुवार को हल्की से लेकर मध्यम बारिश की संभावना है।

13:52 (IST)25 Jun 2020
बारिश से पूर्वोत्तर में बाढ़ की स्थिति, खतरे के निशान से ऊपर ब्रह्मपुत्र नदी

देश के पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून पहुंचने की वजह से लगातार बारिश जारी है। अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड , सिक्किम, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आने वाले दिनों में भी भारी बारिश का अनुमान है। ऐसे में कई जगहों पर बाढ़ का खतरा पैदा होने लगा है। खासकर असम में जहां अब ब्रह्मपुत्र नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बताया गया है कि बाढ़ के खतरे से 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हो सकते हैं।

13:13 (IST)25 Jun 2020
हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो घंटे में बारिश के आसार

हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो घंटों में आंधी के साथ तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के संभल, चंदौसी, कासगंज के साथ हरियाणा के हिसार, जींद, नरवाना, करनाल, पानीपत, रोहतक और भिवानी में तेज बारिश होगी, जबकि 30 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है।

12:35 (IST)25 Jun 2020
बिहारः मानसूनी बारिश के दौरान बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत

मानसून के दक्षिण से लेकर उत्तर तक बढ़ने के बाद अब बिहार में आज और कल भारी बारिश के आसार हैं। राज्य में मानसूनी बारिश के दौरान कई जगहों पर बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 6 लोग घायल भी हुए हैं। सबसे ज्यादा 7 लोगों की जान गोपालगंज में गई है।

11:49 (IST)25 Jun 2020
असमः भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, अब तक 12 की मौत

असम में भारी बारिश और बाढ़ से 38 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। डिब्रूगढ़, जोरहाट, मजुली, धेमाजी और शिवसागर जिलों में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। केरल और नजदीकी दक्षिणी राज्‍यों में के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस साल मॉनसून में 96 फीसदी से लेकर 104 फीसदी बारिश होने का अनुमान है।

11:09 (IST)25 Jun 2020
असमः डिब्रुगढ़ में भारी बारिश, पुल ढहा

इसी बीच, उत्तर पूर्वी राज्य असम के डिब्रुगढ़ में भारी बारिश के बाद कई हिस्सों में बुरी तरह जलभराव की स्थिति पनप गई। वहीं, तिनसुकिया में बुधवार सुबह भीषण बारिश के बाद Doomdooma-Baghjan सड़क पर एक पुल ढह गया।

10:09 (IST)25 Jun 2020
दिल्ली में आज दिनभर छाए रहेंगे बादल, बारिश का भी अनुमान

देश की राजधानी दिल्ली में आज दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में आज मध्यम बारिश हो सकती है। सुबह से ही यहां हल्की धूप और बादलों का आना-जाना जारी रहा है।

09:17 (IST)25 Jun 2020
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा देश में मौसम का हाल?

पिछले एक दिन में गोवा, तटीय कर्नाटक, मध्य प्रदेश, असम और अरुणाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हुई। वहीं, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा, झारखंड के कुछ हिस्सों, शेष पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश के मध्य और उत्तर पश्चिमी भागों, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, कोंकण व गोवा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, मराठवाड़ा और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हुई है।प

08:26 (IST)25 Jun 2020
नगालैंडः सुबह 3 बजे नगालैंड में आया 3.8 तीव्रता का भूकंप

भारत में बीते कुछ दिनों में कोरोनावायरस के केस बढ़ने के साथ भूकंप के झटकों की तादाद भी लगातार बढ़ी है। गुरुवार तड़के 3:03 बजे नगालैंड के वोखा से 9 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में 3.8 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने यह जानकारी दी। गौरतलब है कि कुछ ही दिनों पहले दिल्ली-एनसीआर और गुजरात के कुछ इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। हालांकि, यह सभी कम तीव्रता के थे।

07:37 (IST)25 Jun 2020
आज दिल्ली पहुंचेगा मानसून, आसमान पर छाए रहेंगे बादल

दिल्ली में आज (25 जून) को मानसून पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही इसका अनुमान जताया था। कल हुई बारिश के बाद राजधानी और एनसीआर इलाके में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी। आईएमडी के मुताबिक, कल अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। आज भी मध्यम बारिश के साथ दिन भर बादल छाए रहेंगे।

06:29 (IST)25 Jun 2020
पूर्वानुमान के अनुसार शहर में मानसून के आगमन की घोषणा आज होगी

पूर्वानुमान के अनुसार शहर में मानसून के आगमन की घोषणा बृहस्पतिवार को होगी।’’ दिल्ली के मौसम और बारिश का प्रतिनिधि माने जाने वाले सफदरजंग वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक यहां 14.6 मिमी बारिश दर्ज की और अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि बारिश की वजह से आर्द्रता का स्तर 100 फीसदी तक बढ़ गया और लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून के बादलों की वजह से बुधवार को बारिश हुई। हालांकि, मानसून के शहर पहुंचने की घोषणा बृहस्पतिवार को होगी।

06:04 (IST)25 Jun 2020
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार मानसून पहुंचने के साथ हल्की बारिश दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार मानसून पहुंचने के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय मोहपात्रा ने कहा, ‘‘ दिल्ली में मानसून ने दस्तक दे दी है और कुछ स्थानों पर बारिश हुई।

05:43 (IST)25 Jun 2020
उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में मानसून ने दी दस्तक, बारिश से तापमान में गिरावट

उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बुधवार को मानसून ने दस्तक दे दी, जिसकी वजह से वहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और अब तक 38,000 लोग इससे प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रतिदिन की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में बाढ़ में एक और व्यक्ति की मौत हो जाने के साथ कुल मृतक संख्या बढ़ कर 12 हो गई।