Weather Today Updates: मौसम विभाग ने गुरुवार से तापमान में बढोतरी की संभावना जताई है। इस दौरान पारा भी 40 डिग्री को पार कर सकता है। आने वाले दिनों में तापमान 42 डिग्री के भी पार जा सकता है। तेज धूप के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा सकता है। हालांकि राहत भरी खबर यह है कि देश में आज मानसून की एंट्री हो सकती है। आमतौर पर 1 जून को मानसून भारत पहुंचता लेकिन इस बार सप्ताह भर की देरी से आया है। मौसम विभाग ने बताया कि केरल में मॉनसून की एंट्री को लेकर सारी परिस्थितियां अनुकूल हैं।

दिल्ली में और बढ़ेगा पारा

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अभी तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक यूपी में भी तापमान में बढ़ोतरी होगी। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान लू भी चलने की उम्मीद है। अन्य राज्यों की बात करें तो मुंबई, ठाणे और पालघर में अगले तीन से चार दिनों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में अगले 5 दिनों के दौरान बारिश होने की उम्मीद है।

इस बार देरी से आया मानसून

भारत में आमतौर पर मानसून की एंट्री 1 जून को होती है। केरल के रास्ते मानसून देश में प्रवेश करता है। मौसम विभाग की ओर से पहले इसके 4 जून को पहुंचने की उम्मीद जताई गई थी। हालांकि यह सप्ताह भर की देरी से आया है। पिछले साल मॉनसून ने केरल में जल्दी एंट्री ली थी। पिछले साल 29 मई को मानसून भारत पहुंचा था। वहीं 2021 में 3 जून को एंट्री हो गई थी। मौसम विभाग का कहना है कि इस साल सामान्य बारिश दर्ज की जा सकती है।

गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है बिपरजॉय

आईएमडी की ओर से गुजरात में चक्रवाती तूफान को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण-पूर्व और आसपास के पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र चार किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड के साथ लगभग उत्तर की ओर बढ़ा और एक चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ में तब्दील हो गया। शाम साढ़े पांच बजे यह गोवा से लगभग 920 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम, मुंबई से 1050 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम, पोरबंदर से 1130 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम और कराची से 1430 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।