दिवाली से पहले मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती का ऐलान किया है। इससे तेल के दाम कम होंगे। गुरुवार से घटी हुई कीमतें लागू होंगी।

दिवाली की पूर्व संध्या पर, भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कमी की घोषणा की है। पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क कल से क्रमशः 5 रुपये और 10 रुपये कम किया जाएगा। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब पेट्रोल और डीजल की कीमतें देश भर में रिकॉर्ड ऊंचाई पर है और लोग इसके कारण परेशान हो रहे हैं।

बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 110.04 रुपये प्रति लीटर है। जबकि डीजल 98.42 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में पेट्रोल 115.85 रुपये पर बिक रहा है, जबकि डीजल की कीमत 106.62 रुपये है। देश में ईंधन की कीमतें राज्य के कर और माल ढुलाई शुल्क के आधार पर तय होती है। जिसके कारण अलग-अलग राज्यों में कीमतें भिन्न होती हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार भी तेल पर उत्पाद शुल्क लेती है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार वैश्विक बाजार में, तेल की कीमतें बुधवार को एक बार फिर कम हुईं हैं। देश भर में पेट्रोल की कीमतें स्थिर हैं। वहीं डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से लगातार दूसरे दिन राहत मिली है। लगातार 7 दिन की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमतों पर ब्रेक लगा हुआ है। देश के चार महानगरों की तुलना करें तो मुंबई में पेट्रोल और डीजल सबसे महंगे मिल रहे हैं। बता दें कि देश में केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा लगाए गए उत्पाद शुल्क के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमत रिकॉर्ड ऊंचाई पर है।

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में विदेशी विनिमय दरों के साथ कच्चे तेल की कीमत के आधार पर पेट्रोल और डीजल की कीमतें रोजाना अपडेट की जाती हैं। तेल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोजाना पेट्रोल और डीजल के दाम तय करती हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ऑयल कंपनियां हर सुबह विभिन्न शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को अपडेट करती है।