Mehul Choksi Arrested: पंजाब नेशनल बैंक का 13000 करोड़ रुपये का घोटाला करके भागने वाले हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को पश्चिमी यूरोपीय देश बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है। चोकसी की तलाश में भारतीय जांच एजेंसी 7 साल से मशक्कत कर रही हैं और सीबीआई के सूत्रों बताया है कि मेहुल को बेल्जियम की पुलिस ने पकड़ा है।

मेहुल चोकसी की तलाश CBI और ED दोनों जांच एजेंसियां कर रही हैं। ऐसे में बेल्जियम पुलिस ने 12 अप्रैल को चोकसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेहुल चोकसी 2018 में भारत छोड़कर एंटीगुआ गया था और फिर लापता हो गया था। उसके प्रत्यर्पण के भारत सरकार ने काफई प्रयास किए थे लेकिन फिर भी वह कानून दांव पेच की वजह से पिछली बार बच निकला था।

आज की बड़ी खबरें

बेल्जियम में कैसे पकड़ा गया मेहुल चोकसी?

दरअसल, भारतीय एजेंसियों को मेहुल चोकसी के बेल्जियम में होने की जानकारी मिली। इसके बाद ED और CBI ने वहां के अधिकारियों से संपर्क किया और मामले की पूरी जानकारी साझा की। भारत ने बेल्जियम से मेहुल चौकसी के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया। इसके बाद बेल्जियम पुलिस ने मेहुल चोकसी पर नजर रखी, जिससे वो फरार न हो जाए। दूसरी तरफ उसके खिलाफ जांच की और पुख्ता सबूत मिलने के बाद बेल्जियम पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मेहुल चोकसी की क्यों हुई गिरफ्तारी? जानें 13000 करोड़ के घोटाले में अब तक क्या-क्या हुआ

बेल्जियम के अधिकारियों को दिए थे ED-CBI ने सबूत

बता दें कि मेहुल चोकसी को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण के लिए नया रास्ता चुना था और मेहुल चोकसी के खिलाफ इंटरपोल का जारी नोटिस वापस ले लिया था। सीबीआई और ईडी ने बेल्जियम से संपर्क साधा था। प्रत्यर्पण अनुरोध के तहत भारतीय एजेंसियों ने 2018 और 2021 में मुंबई की एक विशेष अदालत से जारी दो ओपन-एंडेड गिरफ्तारी वारंट अपने बेल्जियम के अधिकारियों को दिए थे, उसकी गिरफ्तारी के बाद दोनों देशों की एजेंसियां कागजी कार्रवाई में जुटी हैं।

भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार, PNB घोटाले में है आरोपी

आसानी से वापस नहीं आ पाएगा मेहुल चोकसी?

मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पण की बात करें तो सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार की कोशिश है कि मेहुल चोकसी को जल्द से जल्द लाया जाए, मगर बेल्जियम की अदालतों में कानूनी अड़चनें प्रक्रिया में देरी पैदा कर सकती हैं। जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य कारणों से मेहुल चोकसी बेल्जियम में अपनी पत्नी के साथ रह रहा है। मेहुल चोकसी बेल्जियम से स्विटजरलैंड भागने की कोशिश कर रहा था। माना जा रहा है कि वह खराब स्वास्थ्य और अन्य कारणों का हवाला देकर जमानत की मांग भी कर सकता है, उसके वकील भी इसका संकेत दे रहे हैं।

इससे पहले जब मेहुल चोकसी एंटीगुआ में था तो वहां की हाई कोर्ट में उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही थी लेकिन कोर्ट ने अंत में भारत सरकार की दलीलों को नजरंदाज कर प्रत्यर्पण की अर्जी खारिज कर दी थी। ऐसे में अब यह देखना होगा कि बेल्जियम में भारत सरकार और जांच एजेंसियां उसके प्रत्यर्पण का कौन सा तरीका अपनाती हैं।