मुंबई आतंकी हमले की 10वीं बरसी पर जहां पूरा देश मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दे रहा है, वहीं मेघालय के राज्यपाल तथागत रॉय का ट्वीट विवादों में आ गया। दोपहर एक बजे के करीब तथागत रॉय ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मुंबई हमले में मुसलमानों को छोड़कर सिर्फ बेकसूर हिंदू मारे गए थे। उन्होंने पाकिस्तान का बायकॉट करने और सारे कूटनीतिक रिश्तों को खत्म करने की भी बात कही। हालांकि, विवाद बढ़ता देख उन्होंने अपना ट्वीट हटा दिया और माफी मांग ली।
रॉय ने पहले लिखा था,”आज मुंबई में पाकिस्तान की मदद से हुए मासूमों की हत्या (मुसलमानों को छोड़कर) की 10वीं बरसी है, जिसे आम तौर पर 26/11 कहा जाता है। क्या किसी को याद है कि हमने पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक संबंधों को कमतर किया है (हमें खुद यह संबंध तोड़ देना चाहिए या फिर युद्ध के लिए तैयार हो जाना चाहिए)?”

इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया। दरअसल, 26/11 में दूसरे धर्मों के लोग भी मारे गए थे। बवाल बढ़ता देख मेघायलय के राज्यपाल ने खेद जताते हुए माफी मांग ली। उन्होंने लिखा कि उन्हें 26/11 के आतंकी हमले में मुस्लिमों को छोड़ने की गलत जानकारी मिली थी। इस हमले में कई मुस्लिमों ने जान गंवाई। उन्होंने ट्वीट के डिलीट होने की जानकारी देते हुए कहा कि यह एक तथ्य से जुड़ी गलती थी और इसके लिए वह माफी मांगते हैं।