भारत और चीन के बीच गलवान घाटी (Galwan Valley) में संघर्ष के दौरान नाइक दीपक सिंह शहीद हो गए थे। वहीं अब उनकी पत्नी भी सेना में शामिल हो गई हैं। लेफ्टिनेंट रेखा सिंह (Lieutenant Rekha Singh) को पूर्वी लद्दाख में तैनात किया गया है। LAC पर वह सेना के उपकरण, कपड़े और गोला-बारूद की आपूर्ति श्रृंखला की देखरेख करेंगी।

स्वर्गीय नाइक दीपक सिंह (Naik Deepak Singh) की पत्नी लेफ्टिनेंट रेखा को शनिवार को सेना आयुध कोर में एक अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया वह युद्ध की स्थिति में आर्मी को सामग्री और रसद सहायता प्रदान करने के लिए जिम्मेदार होंगी। सेना की बिहार रेजिमेंट में एक नर्सिंग सहायक नाइक दीपक सिंह को 2021 में मरणोपरांत वीर चक्र (Vir Chakra) से सम्मानित किया गया था।

अधिकारियों के प्रशिक्षण अकादमी (Officers Training Academy) चेन्नई में शनिवार को पासिंग आउट परेड में लेफ्टिनेंट रेखा सिंह ने कहा कि कमीशनिंग उनके और उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण है। वह अकादमी में 11 महीने से आर्मी कैडेट के रूप में कठोर प्रशिक्षण ले रही हैं। समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल अदोश कुमार, कर्नल कमांडेंट और आर्टिलरी के महानिदेशक और नए कमीशन अधिकारियों के परिवार के सदस्यों सहित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया।

रेखा सिंह ने कहा, “मेरे पति, जहां भी हैं, गर्व महसूस कर रहे होंगे। यह एक कठिन निर्णय था, लेकिन मैं अपने पति की हर बात को महसूस करना और उससे गुजरना चाहती थी। इसलिए मैंने भारतीय सेना में शामिल होने का फैसला किया।”

सेना के अधिकारियों ने कहा कि रेखा को पूर्वी लद्दाख में एलएसी के साथ एक फ्रंटलाइन बेस पर तैनात किया जाएगा। इस सप्ताह की शुरुआत में एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक में अपने चीनी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी तनाव पर प्रकाश डाला था।

दीपक सिंह बिहार रेजीमेंट की 16वीं बटालियन में तैनात थे। वह 2012 में सेना में शामिल हुए थे और जनवरी 2020 में ही उनकी पोस्टिंग लद्दाख में हुई थी। 5 महीने बाद जून में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें वह शहीद हो गए थे। दीपक की शादी रेखा सिंह से उनके शहीद होने के 8 महीने पहले ही हुई थी।