हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार (20 फरवरी) को चीन-इंडिया बार्डर पर शिपकाला के समीप हिमस्खलन की वजह से कम से कम छह आर्मी जवानों के शहीद हो जाने की आशंका है। ये आर्मी जवान जम्मू-कश्मीर राइफल यूनिट के बताए जा रहे हैं। पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। किन्नौर के डिप्टी कमिश्नर गोपाल चंद ने कहा, “एक जवान का शव मिल चुका है। वहीं, पांच अन्य की तलाश की जा रही है।” गोपाल चंद ने आगे कहा कि घटना दिन के 11 बजे की है, जो चीन-इंडिया बॉर्डर पर शिपकाला के समीप हुई। उन्होंने कहा, “आईटीबीपी के भी कई जवान हिमस्खलन की वजह से फंस गए थे, जिन्हें सकुशल बचा लिया गया है।” किन्नौर की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि जिस जवान का शव मिला है, उसकी पहचान रमेश कुमार (41) के रूप में हुई है। वह सेना की जम्मू कश्मीर राइफल्स में थे।
सेना के अधिकारियों ने बताया कि भारत-चीन सीमा पर 16 जवान गश्त कर रहे थे, उसी बीच हिमस्खलन हुआ एवं उनमें से छह उसमें दब गये थे। उनमें से एक बाहर निकाल लिये जाने के बाद भी बच नहीं पाये। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि जब तक आखिरी व्यक्ति को बाहर निकाल नहीं लिया जाता, तब तक तलाश एवं बचाव अभियान जारी रहेगा। सेना के जवानों समेत करीब 150 व्यक्ति फंसे हुए जवानों को ढूंढने में जुटे हैं।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में हाल में हुई बर्फबारी के कारण शिमला जिले में कुफरी और कुल्लू जिले के मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। स्थानीय मौसम कार्यालय ने बताया कि कुफरी और मनाली का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे क्रमश: 1.6 और 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें बताया गया है कि लाहौल और स्पीति का प्रशासनिक केन्द्र केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है और यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.8 डिग्री सेल्सियस है। इसमें बताया गया है कि किन्नौर जिले के कल्पा का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कार्यालय ने बताया कि राज्य की राजधानी शिमला और चंबा के डलहौजी का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें बताया गया कि इस बीच, राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। मौसम कार्यालय ने राज्य के ऊंची और मध्य पहाड़ियों और कम ऊंचाई वाली पहाड़ियों एवं मैदानों में बृहस्पतिवार तक भारी बर्फबारी होने का अनुमान व्यक्त किया है। (भाषा इनपुट के साथ)