डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर से जेल से बाहर आएगा। हरियाणा सरकार ने एक बार फिर से उसे 50 दिन की पैरोल दी है। शुक्रवार को उसके रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आने की संभावना है और उसके बाद वह सीधा उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा में डेरा आश्रम चला जायेगा।

पिछले 3 साल में मिल चुकी है 9 बार पैरोल

तीन साल में यह नौवीं बार है, जब वह जेल से बाहर आएगा। इससे पहले उसे 20 नवंबर को तीन हफ्ते के लिए रिहा किया गया था। राम रहीम को इससे पहले अक्टूबर 2020, मई 2021, फरवरी 2022, जून 2022, अक्टूबर 2022, जनवरी 2023 और जुलाई 2023 में पैरोल और फर्लो सहित अस्थायी रिहाई के आदेश मिले थे।

कई मौकों पर राम रहीम की अस्थायी रिहाई का समय चुनावों के साथ मेल खाता है। अक्टूबर 2022 में उसे हरियाणा के पंचायत चुनाव और आदमपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले अस्थायी रिहाई मिल गई। फरवरी 2022 में पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें अस्थायी रिहाई मिली थी।

अक्टूबर 2020 में अपनी पहली पैरोल के बाद राम रहीम ने पिछले तीन वर्षों में 163 दिन जेल से बाहर बिताए हैं। हरियाणा के भाजपा नेतृत्व ने राम रहीम को दी गई बड़े पैमाने पर अस्थायी रिहाई का बचाव किया था।

जनवरी 2023 में मिली थी पैरोल तो काटा था केक

जनवरी 2023 में अपनी पैरोल के दौरान राम रहीम को एक वायरल वीडियो में केक काटते हुए देखा गया था। उसने कहा था, “पांच साल बाद जन्मदिन को इस तरह मनाने का मौका मिला, इसलिए मुझे कम से कम तलवार की मदद से पांच केक काटने चाहिए और यह पहला केक है।” राम रहीम अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार के आरोप में 20 साल की जेल और एक पत्रकार की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। उस पर अपने शिष्यों को नपुंसक बनाने और पंजाब में बेअदबी के मामले दर्ज होने सहित अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।