हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न कर भीड़ द्वारा सड़क पर घुमाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को दोनों महिलाओं के साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ करते हुए भी देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद से देशभर में इस पर हंगामा मचा हुआ है। इस बीच घटना के विरोध में गुरुवार को मणिपुर के चुराचांदपुर की सड़कों पर एक विशाल प्रोटेस्ट रैली निकाली गयी। दो महीने पुरानी इस घटना के खिलाफ देशभर में आक्रोश है और पीड़ित महिलाओं के लिए न्याय की मांग की जा रही है।
मणिपुर पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे मुख्य आरोपियों में से एक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने कहा कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कई टीम का गठन किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि इनमें से एक व्यक्ति जिसे इस घटना का कथित मुख्य साजिशकर्ता कहा जा रहा है, उसे थाउबल जिले से गिरफ्तार किया गया। आरोपी 26 सेकंड के इस वीडियो क्लिप में साफ नजर आ रहा है।
Manipur: मुख्यमंत्री बोले- घटना की गहन जांच जारी
वहीं, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा कि संदिग्ध इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है, साथ ही साइबर क्राइम को वीडियो की प्रामाणिकता की जांच करने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गहन जांच जारी है। इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और मौत की सजा की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
मिजोरम के मुख्यमंत्री बोले- चुप्पी कोई विकल्प नहीं
इससे पहले पुलिस ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा था कि अज्ञात हथियारबंद बदमाशों के खिलाफ थाउबल जिले के नोंगपोक सेकमाई थाने में अपहरण, सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास जारी है। वहीं, मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर उनकी परेड कराने का वीडियो सामने आने के बाद पड़ोसी राज्य मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऐसा लगता है कि पड़ोसी राज्य में स्थिति बिगड़ गयी है। उन्होंने मामले में फौरन कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुप्पी कोई विकल्प नहीं है।
वहीं, BJP को बृजभूषण जनता पार्टी करार देते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने बृहस्पतिवार को कहा कि हिंसा प्रभावित मणिपुर में दो महिलाओं को कथित रूप से निर्वस्त्र कर परेड कराने की घटना के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। कांग्रेस ने मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की वीभत्स घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान के बाद बृहस्पतिवार को कहा कि पीएम मोदी ने राज्य में जातीय संघर्ष के मुद्दे की पूरी तरह से अनदेखी की और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को भी पद छोड़ने का निर्देश नहीं दिया।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकते।
