हरियाणा विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार खत्म हो गया है और शनिवार को वोटिंग होगी। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे। शुक्रवार को राहुल गांधी महाराष्ट्र के कोल्हापुर का दौरा करेंगे। यहां पर वह छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। यह प्रतिमा बवाडा के भगवा चौक पर बनाई गई है। पिछले महीने ही महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा ढहने के बाद विवाद शुरू हो गया था और विपक्षी दलों ने बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर निशाना साधा था।
संविधान बचाओ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे राहुल गांधी
महाराष्ट्र में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। माना जा रहा है कि राहुल गांधी के दौरे से ही कांग्रेस का चुनावी अभियान आज से शुरू हो जाएगा। शनिवार को भी राहुल गांधी महाराष्ट्र में ही रहेंगे। इस दौरान वह 5 अक्टूबर को संविधान बचाओ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस के कोल्हापुर से चुनावी अभियान की शुरुआत के पीछे एक वजह भी है।
साल 1902 में पिछड़ी जातियों को 50 फ़ीसदी आरक्षण देने का काम साहूजी महाराज ने कोल्हापुर में अपने शासन के दौरान किया था। ऐसे में राहुल गांधी यहां से आरक्षण को लेकर भी कुछ बड़ी बात कह सकते हैं।
विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही कांग्रेस पार्टी को टिकट के लिए हजारों आवेदन मिल चुके हैं। माना जा रहा है कांग्रेस को राज्य भर में 1500 से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं। एनसीपी और शिवसेना में टूट के बाद कांग्रेस पार्टी का वर्चस्व महाराष्ट्र में बढ़ा है। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने महाराष्ट्र में अच्छा प्रदर्शन किया था। माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक सीटों पर लड़ सकती है।
13 सीटों पर मिली थी जीत
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को महाराष्ट्र में 13 सीटों पर जीत मिली थी। ऐसे में अब कांग्रेस उम्मीद है कि वह विधानसभा चुनाव में अपने गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। महाराष्ट्र में सीएम के पद पर भी कांग्रेस की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।