Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल राज्य में सभी सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वह राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले अपने योजना बनाने में जुट गए हैं। शुक्रवार को जरांगे ने कहा कि वह इलेक्शन में अपनी रणनीति बनाने से पहले अगले महीने महाराष्ट्र के हर विधानसभा क्षेत्र में मराठा समुदाय के बारे में जानकारी हासिल करेंगे।
मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने कहा कि हर एक विधानसभा की जानकारी 14 से 20 अगस्त तक इकट्ठा की जाएगी। जरांगे अस्पताल में मीडिया से बात कर रहे थे। यहां पर उन्होंने सरकार नौकरियों और एजुकेशन में मराठों के लिए रिजर्वेशन के लिए अपनी भूख हड़ताल के बाद भर्ती कराया गया है। जरांगे ने कहा कि राज्य में करीब 288 विधानसभा सीटे हैं और हम सभी पर चुनाव लड़ेंगे।
नारायण राणे ने दिया बड़ा बयान
वहीं, राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए महायुति और महाविकास अघाड़ी ने रैली करना शुरू कर दिया है। इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी के नेता नारायण राणे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को विधानसभा चुनाव में 288 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए। राणे के बयान के बाद चर्चा है कि महागठबंधन में अंदरूनी असमंजस शुरू हो गया है।
कांग्रेस ने सीट बंटवारे के लिए बनाई 10 सदस्यो की कमेटी
लोकसभा में महाविकास अघाड़ी के दमदार प्रदर्शन के बाद वे सभी विधानसभा के लिए भी साथ आएंगे और इसी वजह से कांग्रेस, शिवसेना उद्धव ठाकरे और शरद पवार की पार्टी एनसीपी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत होने वाली है। इसके लिए कुछ दिन पहले कांग्रेस ने सीट बंटवारे के लिए 10 सदस्यों की कमेटी बनाई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। 2019 में 1 सीट जीतने वाली कांग्रेस पार्टी इस साल के चुनाव में 13 सीटें जीतने में कामयाब रही। अब विधानसभा में भी ऐसा ही करने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाविकास अघाड़ी में सीटों के बंटवारे के लिए कांग्रेस के 10 सदस्यों की एक समिति बनाई है। इसमें मुंबई के तीन नेताओं को जगह दी गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा गठित कमेटी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, बालासाहेब थोराट, विजय वडेट्टीवार, पृथ्वीराज चव्हाण, सतेज पाटिल, नसीम खान, नितिन राउत को नियुक्त किया गया है। मुंबई में सीटों के आवंटन के लिए बनी कमेटी में वर्षा गायकवाड़, भाई जगताप और असलम शेख को जगह दी गई है।