केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को महाराष्ट्र की सिंधुदुर्ग पुलिस ने बुधवार को नोटिस जारी कर उनके बेटे नितेश राणे की जानकारी देने को कहा है। बता दें कि नितेश राणे कंकावली से भाजपा विधायक हैं और हत्या के प्रयास के मामले में नामजद हैं। बता दें कि केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी दी कि नितेश राणे से संबंधित जानकारी देने के लिए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के कंकावली पुलिस थाने में बुलाया गया था लेकिन बुधवार अपराह्न तीन बजे तक वो पेश नहीं हुए। ऐसे में उनके आवास पर पुलिस ने नोटिस चस्पा कर दिया।
क्या है मामला: दरअसल 10 दिनों पहले महाराष्ट्र के कंकावली में शिवसेना कार्यकर्ता संतोष परब पर चार अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो इसके तार बीजेपी नेता नारायण राणे के बेटे नितेश राणे तक जा पहुंचे। पुलिस ने एफआईआर में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 120 (बी) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है। इसको लेकर पुलिस ने भाजपा विधायक नितेश राणे को समन भी जारी किया है।
बता दें कि पुलिस लगातार नितेश राणे की तलाश कर रही है लेकिन तमाम कोशिशों के बाद नितेश का पता नहीं चल पाया। ऐसे में केंद्रीय मंत्री को नोटिस जारी कर पुलिस ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राणे द्वारा दिये उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर उन्हें पता होता तो क्या वह पागल हैं जो अपने बेटे के ठिकाने का खुलासा करेंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि नारायण राणे को अपने बेटे की जानकारी है।
दरअसल सिंधुदुर्ग जिला बैंक की 19 सीटों पर कुछ दिनों बाद चुनाव होने हैं। ऐसे में नितेश राणे पर शिवसेना कार्यकर्ता संतोष परब पर हमले का आरोप लगा है। माना जा रहा है कि शिवसेना इसे चुनावी मुद्दे के रूप में देख रही है।