महाराष्ट्र में मरीन ड्राइव पुलिस ने नांदेड़ से विपक्षी दल के नेता के खिलाफ राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि 5 अक्टूबर को गृह मंत्रालय को यह ‘धमकी’ वाला पत्र मिला। इस पत्र को मुंबई पुलिस को भेजा गया।

इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस पत्र को भेजने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। पत्र भेजने वाले व्यक्ति का नाम संतोष कदम है। संतोष ने इस धमकी भरे पत्र में अपना फोन नंबर और पता भी लिखा है।

पुलिस का कहना है कि कदम नांदेड़ का रहने वाला है और विपक्षी दल का कार्यकर्ता है। मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए इस पत्र में लिखा गया है कि ‘प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई के दम पर तुमने कई नेताओं को डराने का काम किया है। इसके बाद वे लोग तुम्हारी पार्टी में शामिल होने को मजबूर हुए हैं।

देश की अर्थव्यवस्था बिल्कुर अस्थिर हो चुकी है जिससे हमें नुकसान उठाना पड़ रहा है।’ उसने आगे मंत्रालय परिसर में घुस कर मुख्यमंत्री को मारने की धमकी दी है। पुलिस का कहना है कि पत्र को मिलने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मालूम हो कि महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार का शनिवार को आखिरी दिन है। महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को चुनाव होना है। वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। पार्टी यहां शिवसेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में सरकार बनाने के लिए भाजपा 150 और शिवसेना 124 सीटों पर जोर आजमाइश कर रही है।

बाकी की सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी गई है। भाजपा ने एक बार फिर से देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में पेश किया है। वहीं शिवसेना की तरफ से पहली बार उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे चुनाव मैदान में हैं। दूसरी तरफ सत्ताधारी गठबंधन से मुकाबले के लिए कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस ने एक बार फिर से हाथ मिलाया है।