Maharashtra Vidhan Sabha Election: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने में महज कुछ ही दिन का समय बचा हुआ है। इससे पहले राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम एक दिन अखंड भारत बनाएंगे और एक दिन भारत का तिरंगा पाकिस्तान पर भी लहराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उमर अब्दुल्ला ने भी सात दशकों के बाद पहली बार मुख्यमंत्री के तौर पर भारत के संविधान की शपथ लेनी पड़ी।
समाचार एजेंसी एएनआई पर स्मिता प्रकाश ने डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस से कश्मीर के मुद्दे पर सवाल किया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि कश्मीर का मामला महाराष्ट्र के चुनावों में क्यों नहीं उठेगा। यह मराठाओं की भूमि है। ये संकुचित विचारों वाली भूमि नहीं है। अगर मैं देशभक्त हूं, तो मैं इतना संकीर्ण सोच कैसे रख सकता हूं कि कश्मीर के साथ कुछ भी हो सकता है, यह मेरे लिए ठीक है। कश्मीर हमारी अस्मिता का विषय है। कश्मीर से भारत की पहचान जुड़ी हुई है। बाबा साहेब आंबेडकर का संविधान 7 दशक तक कश्मीर में लागू नहीं था। वहां पर हमारा तिरंगा झंडा नहीं लगाते थे। हालांकि, 370 हटने के बाद में लाल चौक पर तिरंगा लहराता है तो मेरा दिल गदगद होता है।
उमर अब्दुल्ला ने सात दशक बाद भारत के संविधान की शपथ ली
डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने यह भी कहा कि उमर अब्दुल्ला को भी सात दशकों के बाद पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में भारत के संविधान की शपथ लेनी पड़ती है। इससे ज्यादा खुशी की बात क्या हो सकती है। हमारा तो एक ही सपना है कि हम एक दिन ‘अखंड भारत’ बनाएंगे। एक दिन पाकिस्तान पर भी भारतीय झंडा लहराएंगे।
औरंगजेब के मुद्दे पर देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा
चुनावों के दौरान उठाए गए औरंगजेब के मुद्दे पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘हम इस मुद्दे को नहीं उठाते हैं। ओवैसी अपने भाषणों में कहते हैं कि संभाजी नगर का नाम कैसे रखा गया। संभाजी का क्या संबंध है? जब उनकी सभाओं में कहा जाता है कि यह भूमि रजाकारों की है तो मुझे उन्हें याद दिलाना पड़ता है कि यह भूमि छत्रपति शिवाजी महाराज की है, यह हमारे पूर्वजों की भूमि है, रजाकारों ने इस पर कब्जा किया था और उस समय हमारे पूर्वजों पर अत्याचार किए थे। छत्रपति शिवाजी महाराज ने जो बलिदान दिया वह इतिहास में सभी को पता है, हम इसे क्यों छिपाना चाहते हैं।’
अजित पवार को जनता का मूड समझने में टाइम लगेगा- देवेंद्र फडणवीस
उपमुख्यमंत्री अजित पवार की टिप्पणी “यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के ‘बटेंगे तो कटेंगे’ नारे के लिए कोई जगह नहीं है” पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘दशकों तक अजित पवार ऐसी विचारधाराओं के साथ रहे जो धर्मनिरपेक्ष और हिंदू विरोधी हैं। खुद को धर्मनिरपेक्ष कहने वालों में कोई वास्तविक धर्मनिरपेक्षता नहीं है। वे ऐसे लोगों के साथ रहे हैं जिनके लिए हिंदुत्व का विरोध करना ही धर्मनिरपेक्षता है। उन्हें जनता का मूड समझने में थोड़ा समय लगेगा। ये लोग या तो जनता की भावना को नहीं समझ पाए या इस बयान का मतलब नहीं समझ पाए या बोलते समय शायद कुछ और कहना चाहते थे।’
Maharashtra Election: कांग्रेस का गढ़ कैसे बना हिंदुत्व की राजनीति का केंद्र
कांग्रेस के आरोपों पर क्या बोले देवेंद्र फडणवीस
पीएम मोदी के महाराष्ट्र में कांग्रेस ओबीसी समुदाय को बांटने की कोशिश कर रही है वाले बयान पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘राहुल गांधी ने अमेरिका में पहले ही इसका संकेत दे दिया है। संविधान और आरक्षण पर अमेरिका में दिए गए उनके बयानों से उनकी मानसिकता सामने आ गई। जिस तरह से वह लोगों को जातियों में बांटने की कोशिश कर रहे हैं, पीएम मोदी ने सही बात कही है, महाराष्ट्र में ओबीसी में 350 जातियां हैं। ये 350 जातियां मिलकर ओबीसी समूह बनाती हैं, इसलिए एक दबाव समूह है कि ओबीसी का कल्याण किया जाना चाहिए। अगर 350 जातियां अलग हो जाती हैं, तो यह समूह नहीं रहेगा और उनका दबाव खत्म हो जाएगा। जिस तरह से भारत जोड़ो का गठन किया गया है, यह अराजकतावादियों का समुदाय है। वे भारत जोड़ो नहीं हैं, वे भारत को समुदायों में विभाजित करना चाहते हैं और फिर भारत को तोड़ना चाहते हैं।’
