Maharashtra Vidhan Sabha Election/Chunav Results 2019: महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव नतीजे आ चुके हैं। महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना को स्पष्ट बहुमत मिला है। हालांकि महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के बीच अभी भी सीएम पद को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच प्रेशर पॉलिटिक्स भी खूब जारी है। बता दें कि महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव नतीजे सामने आने के बाद मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि 15 निर्दलीय विधायक भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार हैं। फडणवीस ने कहा कि इनमें से अधिकतर भाजपा और शिवसेना के बागी हैं।

यहां देखें LIVE नतीजेहरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2019

फडणवीस ने कहा कि ’15 निर्दलीय विधायकों ने मुझसे संपर्क किया है और वो हमारे साथ आने के लिए तैयार हैं। अन्य भी आएंगे, लेकिन 15 पक्के तौर पर हमारे साथ आ रहे हैं। इनमें से अधिकतर भाजपा और शिवसेना के बागी हैं।’ फडणवीस ने इसके साथ ही महाराष्ट्र की जनता को भी उन्हें जनसमर्थन देने के लिए आभार जताया। फडणवीस ने कहा कि ‘जो हमारे और शिवसेना के बीच तय होगा हम उसके साथ आगे जाएंगे।’

महाराष्ट्र के सीएम ने हालांकि सतारा लोकसभा सीट और परली विधानसभा सीट के नतीजों पर हैरानी जतायी। फडणवीस ने कहा कि दोनों नतीजे हमारे लिए हैरान करने वाले रहे। हमारे 6 मंत्री चुनाव हार गए, हम इस पर कल चर्चा करेंगे। आज का दिन जीत की खुशी मनाने का है। हम अगले पांच सालों के लिए महाराष्ट्र में मजबूत सरकार बनाएंगे। फडणवीस ने कहा कि पिछली बार की तुलना में हम कम सीटें जीते हैं, लेकिन पिछली बार हमने 260 सीटों पर चुनाव लड़ा था और इस बार 150 सीटों पर ही चुनाव लड़ा।

बता दें कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने 159 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को 100 सीटों पर जीत मिली है। 29 सीटें अन्य के खाते में गई हैं।

विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 के लाइव अपडेट jansatta.com पर पाएं। साथ ही जानें महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लाइव नतीजे।