महाराष्ट्र चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शिवसेना को साफ संदेश दिया है कि उनकी पार्टी अपने दम पर राज्य में सरकार बना सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिवसेना-भाजपा गठबंधन दो-तिहाई से अधिक सीटों पर विजयी होगा।
सीटों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर शाह ने कहा कि अभी इस बारे में अंदाज लगाना मुश्किल है लेकिन हम अपनी पहले की जीती गई सीटों की संख्या में बढ़ोतरी करेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ये बातें न्यूज18 इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में कही। हालांकि, भाजपा अध्यक्ष ने शिवसेना को डिप्टी सीएम का पद देने से इनकार भी नहीं किया।
इंटरव्यू में शाह ने शिवसेना-भाजपा के बीच तल्ख रिश्तों पर भी अपनी बात रखी। शाह ने कहा कि गठबंधन में कई बार कार्यकर्ताओं का दबाव होता है। सभी लोग अपनी पार्टी का विस्तार करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं इस प्रकार की बातचीत को बुरा नहीं मानता। शाह ने कहा कि यह स्वस्थ गठबंधन की निशानी है।
उन्होंने कहा कि अंत में दोनों पार्टियों का गठबंधन हुआ है फिर चाहे वह लोकसभा हो या विधानसभा चुनाव। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दोनों दलों ने लोकसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ा और जीता भी। सीएम के सवाल पर शाह ने कहा कि इसको मैं गठबंधन के लिए खतरा नहीं मानता।
शाह ने कहा कि नई सरकार में देवेंद्र फडणवीस ही मुख्यमंत्री होंगे। इसमें कोई दो राय नहीं है। उपमुख्यमंत्री के सवाल पर शाह ने कहा कि इस बारे में देवेंद्र फडणवीस और उनकी टीम फैसला करेगी। इसमें भाजपा के संसदीय बोर्ड की भी भूमिका होगी। शिवसेना को उपमुख्यमंत्री पद दिए जाने से शाह ने सीधे तौर पर इनकार नहीं किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में अभी सभी विकल्प पूरी तरह से खुले हुए हैं।
भाजपा का संसदीय बोर्ड और महाराष्ट्र भाजपा इकाई चुनाव परिणाम आने के बाद इस मुद्दे पर विचार विमर्श करेगी। मालूम हो कि महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान होना है। वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों में भाजपा 150 सीटों जबकि शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बाकि सीटे सहयोगी दलों को दी गई हैं।