महाराष्ट्र के बुलढाना में रविवार को एक खेतिहर मजदूर ने कथित रूप से पेड़ से लटक कर अपनी जान दे दी। स्थानीय किसान संगठनों का कहना है कि मरने वाला किसान 38 वर्षीय राजेश तलवड़े खेती से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहा था। हालांकि, जिला प्रशासन और पुलिस किसान संगठनों के इन आरोपों से इनकार कर रही है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस घटना स्थल से महज 15 किलोमीटर की दूरी पर चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। बुलढाणा की जिला कलेक्टर निरुपमा डांगे ने कहा कि तलवड़े के पास अपनी कोई जमीन नहीं थी। उन्होंने कहा कि आत्महत्या का संभावित कारण खेती से जुड़ी परेशानी नहीं लग रही है।

जिला कलेक्टर के अनुसार मृतक के अपने पिता और पत्नी से अनबन थी। इन लोगों के बीच अकसर किसी न किसी बात पर झगड़ा होता रहता था। मामले की जांच कर रहे शिगांव ग्रामीण पुलिस स्टेशन के हेड कॉन्स्टेबल प्रभाकर बागडे ने कहा कि वह खेतिहर मजदूर के रूप में काम करता था।

बागडे के अनुसार तलवड़े के पिता ने एक जमीन पर अतिक्रमण किया हुआ था। इस जमीन पर ही वे खेती करते थे। इन लोगों पर किसी भी तरह का खेती से जुड़ा कर्ज भी नहीं था। तलवड़े के परिवार में पिता के अलावा पत्नी और तीन बच्चे हैं। दो लड़के क्रमश 13 और 12 साल के हैं जबकि बेटी की उम्र 10 साल है।

पेड़ पर लटके तलवड़े का शव उतारा गया तब उस समय उसने भाजपा की तरफ से कार्यकर्ताओं में बांटी गई टीशर्ट पहन रखी थी। इससे पहले मुख्यमंत्री रविवार को बुलढाणा में ही एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए 21 अक्टूबर को वोट डाले जाने हैं। चुनाव परिणाम की घोषणा 24 अक्टूबर को की जाएगी।

राज्य में भाजपा 148 और शिवसेना 126 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा-शिवसेना के गठबंधन ‘महा युति’ का मुकाबला कांग्रेस-एनसपी के ‘महा-अगाड़ी’ गठबंधन से है। इनके अलावा राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और असदउद्दीन की एआईएमआईएम भी चुनावी मुकाबले में है।