DK Shivakumar: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार रविवार सुबह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि विधान ने महाकालेश्वर की पूजा अर्चना की। इस दौरान डीके शिवकुमार ने कहा कि महाकालेश्वर ने हमें कर्नाटक में सरकार के रूप में लोगों की सेवा का अवसर दिया है, मैं यहां चुनाव से पहले भी आया था।
शिवकुमार बोले- मध्य प्रदेश में पूरी कांग्रेस का एकजुट
डीके शिवकुमार ने कहा, ‘कर्नाटक की जीत के बाद हमने संदेश दिया है कि कुछ भी असंभव नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार राष्ट्रीय स्तर पर फेल हो चुकी है। मध्य प्रदेश में भी काफी समस्याएं हैं तो यहां के लोग भी बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और सभी नेता एकजुट होकर काम कर रहे हैं और कर्नाटक से अधिक सीटें जीतेंगे।
कर्नाटक में आज से महिलाओं के लिए बस सेवा फ्री
शिवकुमार ने आगे कहा कि आज से हम कर्नाटक में महिलाओं के लिए बसों का किराया फ्री कर रहे हैं। इस योजना के तहत महिलाएं सीमावर्ती राज्यों के अंदर केवल 20 किमी तक मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया शनिवार को कहा था कि वो 11 जून को कांग्रेस की पांच चुनावी गारंटी में से ‘शक्ति’ योजना की शुरुआत करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत महिलाएं सीमावर्ती राज्यों के अंदर केवल 20 किमी तक मुफ्त यात्रा कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर महिलाएं इंटरस्टेट बस से यात्रा करना चाहती हैं तो यह सेवा मुफ्त नहीं है। अगर कोई महिला तिरुपति जाना चाहती है तो वह मुफ्त यात्रा नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि शक्ति योजना से राज्य की उन महिलाओं को राहत मिलेगी, जो महंगाई से परेशान थीं। वह उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी के साथ आज विधान सौधा से इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
सिद्धारमैया ने कहा कि हम सुबह 11 बजे अपनी पांच में से एक गारंटी शुरू कर रहे हैं। सभी महिलाएं एसी और वोल्वो के अलावा सभी (राज्य के स्वामित्व वाली) बसों में राज्य के भीतर मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। जिसमें एक्सप्रेस बस सेवाएं भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरुपति की यात्रा मुफ्त नहीं होगी। इसके लिए महिलाएं मुलबगल (आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे कोलार जिले) तक जा सकती हैं और उसके बाद यात्रा फ्री नहीं होगी। हालांकि, पड़ोसी राज्यों के अंदर 20 किमी. तक की यात्रा करने वालों से शुल्क नहीं लिया जाएगा।