मध्य प्रदेश में जारी सियासी संकट के बीच कांग्रेस नेता जीतू पटवारी बेंगलुरू के एक होटल में ठहरे बागी विधायकों से मिलने पहुंचे थे। उनके साथ कांग्रेस नेता लाखन सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान वहां सुरक्षा में लगे बेंगलुरू पुलिस के जवान ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। जिसके चलते दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जीतू पटवारी पुलिसकर्मी से उलझते नजर आ रहे हैं।
जीतू पटवारी को एंबेसी बुलेवार्ड होटल के बाहर से पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उन्हें छोड़ दिया गया है। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपनी पार्टी के नेता का बेंगलुरू पुलिस द्वारा उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि “उनकी सरकार के दो मंत्री जीतू पटवारी और लाखन सिंह बेंगलुरू गए थे। इस दौरान उनका उत्पीड़न किया गया। हमारे पास जानकारी है कि हमारे मंत्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यदि पुलिस इस पर कार्रवाई नहीं करती है और हमारे मंत्रियों को नहीं छोड़ती है तो हम कोर्ट जाएंगे।”
कमलनाथ जी के सरकार के मंत्री @jitupatwari कांग्रेस के अनुशासन और भावनाओं के अनुसार क़ानून व्यवस्था का सम्मान करते हुए। pic.twitter.com/qy7LwnLZmE
— Aditya Trivedi (@AdityaTrivedi_) March 12, 2020
बता दें कि कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले 19 बागी विधायक बेंगलुरू के एंबेसी बुलेवार्ड होटल में ठहरे हुए हैं। गुरुवार को मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री जीतू पटवारी, इन बागी विधायकों से मिलने पहुंचे थे। बागी विधायकों ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया है। हालांकि कांग्रेस का दावा है कि उसके विधायकों को बंधक बनाकर रखा गया है।
दरअसल 22 विधायकों के इस्तीफे के बाद कमलनाथ सरकार पर संकट के बादल छा गए हैं। भाजपा की तरफ से फ्लोर टेस्ट की मांग की जा रही है, जबकि कांग्रेस का दावा है कि सभी विधायक उनके संपर्क में हैं और उनके पास बहुमत का आंकड़ा है।
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को भोपाल पहुंचे हैं। भोपाल पहुंचने पर सिंधिया का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ढोल नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और सिंधिया समर्थकों ने अपने नेता का अभिवादन किया। सिंधिया एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक रोड शो करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।