MP Cabinet Expansion: मध्य प्रदेश में गुरुवार को कैबिनेट का विस्तार होगा। सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बात का ऐलान किया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज राज्यपाल शपथ लेंगी और कल कैबिनेट का शपथ ग्रहण होगा। हाल ही में शिवराज सिंह चौहान दिल्ली से लौटे थे। इसके बाद कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज थीं। गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा के साथ इसे लेकर चर्चा भी हुई थी लेकिन पीएम मोदी संग बैठक के बाद कैबिनेट विस्तार को टाल दिया गया था।
बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को मंत्री पद दिलाने के मूड में हैं। वहीं बीजेपी के भी कई चेहरे इस कतार में हैं। ऐसे में कैबिनेट विस्तार को लेकर गुणा गणित बदलती रही है। इसके चलते कई बार कैबिनेट विस्तार टाला गया। सूत्रों का कहना है कि सिधिंया शिवराज की कैबिनेट में 11 पद चाहते हैं। उनके दो उम्मीदवार तुलसी रावत और गोविंद सिंह राजपूत ने कमलनाथ सरकार में मंत्री पद की शपथ ली थी।
बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा में कुल 230 सदस्य है। इस हिसाब से अधिकतम 35 विधायक मंत्री पद पा सकते हैं। शिवराज सिंह समेत कुल छह सदस्य अभी कैबिनेट में हैं। इस तरह से 29 मंत्रियों की जगह खाली है। इन 29 पदों पर बीजेपी को अपने नए पुराने विधायकों को संतुष्ट करते हुए पदों का बंटवारा करना है। मंत्रीमंडल के महामंथन पर मीडिया के सवालों पर सीएम ने कहा कि मंथन से अमृत निकलता है और विष शिव जी पी जाते हैं।
सूत्रों की मानें तो सिंधिया ने अपने समर्थकों को मंत्री बनाए जाने के लिए जितने पद मांगे थे, उसमें से वे एक भी कम करने के पक्ष में नहीं हैं। ऐसे में बीजेपी के लिए कैबिनेट विस्तार की राह थोड़ी काटों भरी नजर आती है। बीजेपी के सामने सभी को संतुष्ट करने की चुनौती होगी।