बिहार में विपक्षी इंडिया गठबंधन ने अपने कुनबे में एक और दल को एंट्री दी है। मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी महागठबंधन में शामिल हो गई है। मुकेश सहनी की पार्टी बिहार के तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अहम बात ये है कि आरजेडी ने अपने कोटे से 3 सीट मुकेश सहनी को दी है।
आरजेडी जो सीटें अपने कोटे से मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को दे रही है, उनके नाम गोपालगंज, झंझारपुर और मोतिहारी है। आरजेडी पहले 26 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी लेकिन अब 23 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि वीआईपी 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
इस बीच बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी ने एक साथ बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, “मुझे खुशी है कि मुकेश सहनी महागठबंधन के साथ हैं। गठबंधन के सभी सहयोगी हमारे गठबंधन में मुकेश सहनी का स्वागत करते हैं। मुकेश सहनी ने भारतीय लोकतंत्र के पक्ष में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के आश्चर्यजनक नतीजे सामने आने वाले हैं और 400 सीटों का दावा करने वालों को बिहार धूल चटा देगा। उन्होंने कहा कि हम प्रगतिशील हैं और हमारे पास बिहार के विकास के लिए दृष्टिकोण और रोडमैप है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि संविधान को दबाया जा रहा है और अगर संविधान से समझौता किया गया तो लोकतंत्र को नुकसान होगा। बीजेपी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि वह देश में तानाशाही लागू करना चाहते हैं और हम उनके खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।
बिहार में पहले जो सीटों का बंटवारा हुआ था उसके अनुसार आरजेडी 26 सीटों पर, कांग्रेस 9 और लेफ्ट पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही थी। लेकिन अब आरजेडी 23 सीटों पर लड़ेगी और वीआईपी तीन सीटों पर लड़ेगी। एनडीए गठबंधन की ओर से बीजेपी 17 सीटों पर लड़ रही है तो वहीं जेडीयू 16 सीटों पर, जीतनराम मांझी की पार्टी एक सीट और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी को एक सीट मिली है।