लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी कर दी हैं। पहली लिस्ट में 195 नाम जारी किए गए हैं वहीं दूसरी लिस्ट में 72 नामों पर मुहर लगी है। दोनों लिस्ट सामने आने के बाद पिछली बार जीत कर आए कई नामों के टिकट काटे जाने की चर्चा काफी ज़ोर पकड़ रही है। अब तक 21 फीसदी सांसदों के टिकट काटे जा चुके हैं। पहली दोनों लिस्ट में कुल 267 उम्मीदवारों में से 65 संसद के टिकट काटे गए हैं। कांग्रेस ने भी 44 और 39 नामों की दो लिस्ट जारी कर दी हैं।
किन सांसदों के कटे टिकट?
2 मार्च को जारी 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में प्रज्ञा ठाकुर, रमेश बिधूड़, मीनाक्षी लेखी सहित 33 सांसदों की जगह नए चेहरों को शामिल किया गया है। 13 मार्च को जारी की गई 72 नामों की दूसरी लिस्ट से केंद्रीय मंत्री दर्शना जरदोश और पूर्व मंत्री सदानंद गौड़ा और रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के नाम भी नदारद दिखाई दिए।
दिल्ली में पार्टी ने एक को छोड़कर सभी नए उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। एकमात्र उम्मीदवार जिसे बरकरार रखा गया है वह भोजपुरी कलाकार से नेता बने मनोज तिवारी हैं। जो उत्तर पूर्व सीट से फिर से चुनाव लड़ेंगे। क्रिकेटर से नेता बने गौतम गंभीर खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया था। अब उनकी जगह नगर निगम के पूर्व महापौर हर्ष मल्होत्रा चुनाव लड़ेंगे।
बुधवार शाम को जारी की गई दूसरी लिस्ट में पार्टी ने कर्नाटक और महाराष्ट्र से 20-20, गुजरात से 7, हरियाणा और तेलंगाना से छह-छह, मध्य प्रदेश से पांच, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से दो-दो और त्रिपुरा से एक-एक उम्मीदवार की घोषणा की है।
कर्नाटक की लिस्ट से पूर्व राज्य इकाई प्रमुख नलिन कतील और दो बार के मैसूर सांसद प्रताप सिम्हा सहित नौ सांसदों के नाम नदारद दिखाई दिए हैं। महाराष्ट्र की 20 सीटों की लिस्ट में मुंबई उत्तर से गोपाल शेट्टी और मुंबई उत्तर पूर्व से मनोज कोटक सहित छह मौजूदा सांसदों का पार्टी ने टिकट काट दिया है।